Share

25 मई 2026

शहडोल:

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा रेंज से सटे खैरवा टोला गांव में रविवार तड़के एक बाघ ने घर में घुसकर सो रही महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जब परिवार के तीन अन्य सदस्य महिला को बचाने दौड़े, तो बाघ ने उन्हें भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घंटों घर में ही डटा रहा बाघ
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया। हालत तब और गंभीर हो गई जब शिकार करने के बाद बाघ कई घंटों तक उसी घर के अंदर ही डटा रहा। सूचना मिलते ही पार्क प्रबंधन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत करने के बाद रविवार सुबह बाघ को ट्रैंक्विलाइज (बेहोश) किया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उस बाघ की भी मौत हो गई।
गुस्साए ग्रामीणों का वन अमले पर हमला
इस पूरी घटना से गांव के लोग बेहद आक्रोशित हो गए। रेस्क्यू टीम के पहुंचते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग के वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। इस हमले में पनपथा रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव सहित कई वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने कथित रूप से एक महिला वन अधिकारी को बंधक भी बना लिया था।
दीवार लांघकर घर में घुसा था बाघ
मिली जानकारी के मुताबिक, खैरवा टोला की रहने वाली 48 वर्षीय फूल बाई पाल रविवार तड़के अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान एक बाघ दीवार लांघकर सीधे घर के अंदर घुस आया और सोते समय ही उन पर हमला कर दिया।
सीएम मोहन यादव ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
इस दुखद घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतका के परिवार के प्रति संवेदना जताई है और उनके परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही सीएम ने प्रशासन को घायल परिजनों के मुफ्त और बेहतर इलाज कराने और उचित मुआवजा देने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।


Share