26 मई 2026:
खबर प्रधान डेस्क:
मध्य प्रदेश/इंदौर /
मप्र लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी अब मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे।
आयोग ने आवेदन की अंतिम तिथि और विलंब शुल्क को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोग के अनुसार नियमित आवेदन 15 जून 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद 16 से 22 जून तक आवेदन करने पर अभ्यर्थियों को 3 हजार रुपए विलंब शुल्क देना होगा। वहीं 23 जून से 14 अगस्त तक आवेदन करने वालों के लिए 25 हजार रुपए की लेट फीस निर्धारित की गई है। अभी आयोग ने राज्य सेवा और वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 का परिणाम घोषित किया था। परिणाम इस बार ओबीसी आरक्षण के 87:13 फार्मूले के आधार पर जारी किया गया। राज्य सेवा परीक्षा के तहत 155 पदों और वन सेवा के 36 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।
मुख्य परीक्षा होगी सितंबर में:
राज्य सेवा परीक्षा में मुख्य सूची के 140 पदों के लिए 3044 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है, जबकि 15 प्रावधिक पदों के लिए 731 उम्मीदवारों को सूचीबद्ध किया गया है।
इसी तरह वन सेवा में 35 पदों के लिए 741 तथा एक प्रावधिक पद के लिए 42 अभ्यर्थियों को पात्र घोषित किया गया है। आयोग ने पदों की संख्या के मुकाबले लगभग 20 गुना अभ्यर्थियों को अवसर दिया है। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 7 से 12 सितंबर जबकि राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 27 सितंबर को होगी।


Leave a Reply