3 June 2026: खबर प्रधान डेस्क:
कुशीनगर।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने कड़े तेवरों और बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। मंगलवार को कुशीनगर के तमकुहीराज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था और सुरक्षा के मुद्दे पर विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया। सीएम योगी ने साफ़ शब्दों में कहा कि आज उत्तर प्रदेश में हमारी बहन-बेटियों की तरफ कोई आँख उठाकर भी नहीं देख सकता। उन्होंने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि हमने उन शोहदों को ठीक करने का काम किया है, जो पहले बातों से नहीं मानते थे, वे अब गोली से ज़रूर मान गए हैं।
यह बयान मुख्यमंत्री ने तब दिया जब वे तमकुहीराज में 424 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बिना किसी राजनीतिक दल का नाम लिए पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला और उन्हें ‘जंगल पार्टी’ करार दिया।
यूपी में अब कट्टा और बम नहीं, मिसाइलें बनती हैं:
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि एक दौर था जब यूपी में कट्टा और बम बनाए जाते थे, जिससे राज्य में सिर्फ दंगे और बेरोज़गारी ही आती थी। लेकिन आज उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। अब यूपी में ऐसी मिसाइलें बन रही हैं, जिन्हें देखकर पाकिस्तान भी घबराता है और बाप-बाप करता है।
उन्होंने कहा कि साल 2017 से पहले राज्य में सिर्फ माफियाओं का राज और ‘जंगल पार्टी’ का आतंक हुआ करता था। पिछली सरकारें जनता की सुरक्षा करने में पूरी तरह नाकाम रहीं और उन्होंने आपराधिक गतिविधियों को फलने-फूलने का पूरा मौका दिया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 सालों के भीतर देश और प्रदेश दोनों का नक्शा बदल गया है।
माफिया, बेरोज़गारी और मच्छर तीनों को किया साफ़:
अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि हमने उत्तर प्रदेश से बीमारी फैलाने वाले मच्छर, युवाओं को परेशान करने वाली बेरोज़गारी और राज्य को लूटने वाले माफिया, इन तीनों को एक साथ समाप्त करने का काम किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब यूपी में सिर्फ विकास और रोज़गार की बातें होती हैं, यहाँ अब परिवारवाद की कोई जगह नहीं है। विकास कार्यों के लिए सरकार के पास पैसों की कोई कमी नहीं है और वे जनता के लिए खजाने का मुंह हमेशा खुला रखेंगे।
अयोध्या में बने भव्य श्रीराम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस मंदिर को बनने में 498 साल का लंबा समय लग गया। इसी बहाने उन्होंने विपक्ष को घेरते हुए सपा (समाजवादी पार्टी) को घोषित रूप से रामद्रोही और कांग्रेस को उसका साथ देने वाली पार्टी बताया।
फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने की घोषणा:
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर के विकास को लेकर कई बड़ी बातें कहीं। उन्होंने बंद पड़े कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहुत जल्द हवाई सेवा दोबारा शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा ऐतिहासिक ऐलान करते हुए फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने की घोषणा भी की।
सीएम ने कहा कि जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के जुड़ाव के कारण पावागढ़ का नाम इतिहास में प्रमुख स्थान रखता है। अपनी समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर की वजह से यह नाम बदलने के बाद देश और दुनिया भर के लोग इस पवित्र स्थान की ओर और भी ज़्यादा आकर्षित होंगे।


Leave a Reply