Share

4 जून 2026: खबर प्रधान डेस्क:

पटना/ बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार की रात मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग ‘ग्लोबल स्टडीज’ पर अचानक हमला कर दिया गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ उपद्रवी कोचिंग के गार्ड को लाठी-डंडों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान हमलावरों ने कोचिंग के बाहर जमकर ईंट-पत्थर भी चलाए और वहां लगे पोस्टरों को फाड़ दिया।
इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक कुमार व गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इन तीनों से कड़ी पूछताछ कर रही है और इनके अन्य सहयोगियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। खान सर ने इस हमले का सीधा आरोप ज्ञान बिंदु कोचिंग के स्टाफ और प्रबंधन पर लगाया है।

हमले में फूटा गार्ड का सिर, फायरिंग को लेकर सस्पेंस:
खान सर का कहना है कि इस हमले में उनकी कोचिंग के सिक्योरिटी गार्ड का सिर फोड़ दिया गया है, जिसे गंभीर हालत में पीएमसीएच (PMCH) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खान सर ने पहले यह दावा भी किया था कि हमलावरों की तरफ से 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने बयान में थोड़ा बदलाव करते हुए कहा कि माहौल इतना तनावपूर्ण और अफरा-तफरी वाला था कि उन्हें कुछ समझ नहीं आया कि गोली चली या नहीं। दूसरी तरफ, पटना पुलिस ने मौके पर किसी भी तरह की फायरिंग होने की बात से साफ इनकार किया है। इस घटना के विरोध में अगले दिन बड़ी संख्या में खान सर के छात्रों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन भी किया।

क्या था पूरा विवाद?
खबरों के अनुसार, यह पूरा विवाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के एक बोर्ड पर खान सर का पोस्टर लगाने को लेकर शुरू हुआ था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिहार पुलिस परीक्षा में चयनित 12 हजार छात्रों के सम्मान समारोह को लेकर एक पोस्टर लगाया गया था, जिसके ऊपर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड पर खान सर का पोस्टर चिपका दिया गया। इसी पोस्टर को हटाने और लगाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा, जिसने बाद में हिंसक मोड़ ले लिया।

आरोपियों का दावा: ‘हमें फंसाया जा रहा है’
दूसरी तरफ, गिरफ्तार हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद का कहना है कि उन्हें और उनकी कोचिंग को एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस में जो बेहतरीन रिजल्ट आया है, उसी की ईर्ष्या में कोल्ड स्टोर के मालिक और खान सर मिलकर उनके संस्थान को बदनाम और बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं। रोशन आनंद ने भी दावा किया कि घटनास्थल पर कोई गोली नहीं चली है, बल्कि सिर्फ झूठ फैलाया जा रहा है।

बिहार सरकार उठाएगी बड़ा कदम, बनेगी कोचिंग नीति:
इस हाई-प्रोफाइल कोचिंग विवाद और हंगामे के बाद बिहार शिक्षा विभाग पूरी तरह एक्शन में आ गया है। शिक्षा विभाग ने राज्य में एक नई ‘कोचिंग नीति’ बनाने की घोषणा की है। इसके तहत अगले 3 महीने के भीतर एक मजबूत कोचिंग नीति का ड्राफ्ट तैयार कर लिया जाएगा। इस नीति के लागू होने के बाद सभी कोचिंग संस्थानों के लिए एक सख्त ‘मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट’ (आचार संहिता) तैयार किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की हिंसक और अराजक घटनाओं को रोका जा सके।


Share