7 June 2026: शिवपुरी
इंटरनेट और सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की होड़ आज के समय में कितनी खतरनाक साबित हो सकती है, इसका एक जीता-जागता उदाहरण मध्य प्रदेश के शिवपुरी से सामने आया है. यहाँ एक महिला यूट्यूबर को अपने वीडियो में सोने के भारी-भरकम आभूषण पहनकर दिखाना बेहद भारी पड़ गया. शातिर चोरों ने यूट्यूब वीडियो देखकर महिला के घर का पता लगाया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए.
कौन हैं ये यूट्यूबर?
यह पूरा मामला शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र के मोहनी ख्यावदा गांव का है. यहाँ रहने वाली रचना गुर्जर एक जानी-मानी यूट्यूबर हैं, जो ग्रामीण जीवन, पारंपरिक खानपान और लोकगीतों से जुड़े वीडियो बनाती हैं. यूट्यूब पर उनके चैनल के चार लाख (400k) से भी ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं. रचना और उनके पति उधम सिंह गुर्जर अपने परिवार के साथ घर में रहते हैं.
रात के सन्नाटे में चोरों ने बोला धावा
घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात की है. रोज की तरह रचना और उनका परिवार रात में अपने घर में सो रहा था. रात के करीब 1 बजकर 49 मिनट पर अज्ञात चोरों ने उनके मकान की बाउंड्री पर लगी करीब आठ फीट ऊंची कटीली तार फेंसिंग को काट दिया और घर के अंदर दाखिल हो गए.
चोरों ने सबसे पहले चालाकी दिखाते हुए उस कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से लगा दी, जिसमें परिवार सो रहा था. इसके बाद चोरों ने दूसरे कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे तीन तोला सोने का मंगलसूत्र, चांदी की करधनी, चार सोने की अंगूठियां और 1 लाख 91 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए. जाते-जाते चोर सॉफ्ट ड्रिंक की आठ हजार रुपये की पेटी भी अपने साथ उठा ले गए.
सुबह 4 बजे खुला राज
इस पूरी वारदात का पता सुबह चार बजे लगा, जब रचना सोकर उठीं और उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की. दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण जब गेट नहीं खुला, तब उन्हें कुछ अनहोनी का अहसास हुआ.
रील देखकर ही बनाई थी चोरी की योजना
माना जा रहा है कि रचना गुर्जर ने कुछ दिन पहले ही सोने के भारी आभूषण पहनकर एक रील और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था. चोरों ने इसी वीडियो को देखा और उन्हें अंदाजा हो गया कि घर में भारी मात्रा में सोना मौजूद है. चोर बिल्कुल तय इरादे से ही घर में घुसे थे और अपने मकसद में कामयाब भी हो गए. यह घटना सोशल मीडिया पर निजी जिंदगी और कीमती चीजों का दिखावा करने वालों के लिए एक बड़ा सबक है.


Leave a Reply