Share

8 June 2026

भोपाल।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित पूरे देश में रसोई गैस उपभोक्ताओं पर महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है। तेल कंपनियों ने न सिर्फ घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है, बल्कि एक नया खेल भी शुरू कर दिया है. इस नए खेल के तहत शहर के जिन उपभोक्ताओं ने दाम बढ़ने से पहले यानी 1 जून से 5 जून के बीच सिलेंडर बुक कराया था, उन्हें भी पुराना रेट नहीं मिल रहा है.
कंपनियों ने चालाकी दिखाते हुए ग्राहकों का पुराना डीएसी नंबर निरस्त (कैंसल) कर दिया है. अब उनके मोबाइल फोन पर नया डीएसी नंबर भेजा जा रहा है, जिसमें बढ़े हुए 29 रुपये जोड़कर आ रहे हैं. तेल कंपनियों की इस जबरन वसूली से उपभोक्ताओं में भारी गुस्सा और आक्रोश देखा जा रहा है. इस नई बढ़ोतरी के बाद अब 918.50 रुपये वाला घरेलू गैस सिलेंडर बाजार में 947.50 रुपये का मिलने लगा है.

कमर्शियल सिलेंडर भी हुआ महंगा, होटल-रेस्तरां में खाना हुआ भारी
महंगाई का यह झटका सिर्फ घरेलू रसोई तक ही सीमित नहीं है. बीते 1 जून से कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भी 44 रुपये का इजाफा किया गया था, जिससे उसकी कीमत बढ़कर अब 3116.50 रुपये पर पहुंच गई है. कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है. इसके कारण होटल और रेस्तरां में भोजन की थाली और सुबह का नाश्ता करीब 15 प्रतिशत तक महंगा हो गया है. आम लोगों का कहना है कि घरेलू रसोई गैस महंगी होने से उनके घर का पूरा बजट बिगड़ गया है.

तीन महीने के भीतर दूसरी बार बढ़े दाम, सालाना बढ़ेगा भारी बोझ
गौरतलब है कि पिछले तीन महीने के भीतर एलपीजी के दाम दूसरी बार बढ़े हैं. इससे पहले मार्च के महीने में भी गैस सिलेंडरों के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. इस तरह लगातार हो रही बढ़ोतरी से एक सामान्य परिवार पर सालाना करीब 348 रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा.
भोपाल गैस एजेंसी डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके गुप्ता के अनुसार, कंपनियों ने बढ़े हुए दाम तुरंत लागू कर दिए हैं और नए रेट पर ही सिलेंडरों की बुकिंग हो रही है. हालांकि, आम जनता के लिए थोड़ी राहत की बात बस यह है कि इस समय शहर में गैस सिलेंडरों की कोई किल्लत या मारामारी नहीं है और समय पर होम डिलीवरी की जा रही है.

अधिकारियों का रुख: गड़बड़ी करने वाली एजेंसियों पर होगी कार्रवाई
इस पूरे मामले पर जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने कहा है कि शहर में सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह समय पर हो रही है. जो भी गैस एजेंसियां इस दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या नियमों का उल्लंघन करती पाई जाएंगी, उनके खिलाफ विभाग द्वारा तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


Share