17 सितंबर 2026 :
मध्य प्रदेश/भोपाल:

भोपाल के अवधपुरी इलाके में साइबर ठगों ने एक 59 वर्षीय व्यक्ति के खाते से 73,500 रुपए निकाल लिए। पीड़ित व्यक्ति क्रेडिट कार्ड से गूगल पे के जरिए पेमेंट कर रहा था। इसी दौरान यूपीआई एक्टिव करने के लिए पिन डालते ही मोबाइल हैंग हो गया। करीब 10 मिनट बाद मोबाइल चालू हुआ। तब तक खाते से रुपए ट्रांसफर हो चुके थे।
जानकारी के अनुसार, अवधपुरी निवासी शिव शंकर शर्मा 3 सितंबर को क्रेडिट कार्ड का पेमेंट गूगल पे के जरिए कर रहे थे। उन्होंने अपने मोबाइल पर गूगल पे खोला। यूपीआई एक्टिव करने के लिए पिन मांगा गया। उन्होंने पिन दर्ज किया। इसके बाद मोबाइल हैंग हो गया। उन्होंने मोबाइल बंद करने का प्रयास किया। वह बंद नहीं हुआ। करीब 10 मिनट बाद मोबाइल सामान्य हुआ। इसके बाद शिव शंकर शर्मा ने पेमेंट किया। तब उन्हें पता चला कि उनके पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 73,500 रुपए का ट्रांजेक्शन हो चुका है। रकम रामकुमार धनोतिया के खाते में ट्रांसफर हुई थी। उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम भोपाल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जीरो एफआईआर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ट्रांजेक्शन के जरिए रकम प्राप्त करने वाले खाते और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Share