
सीएम मोहन यादव की बडी घोषणा
भोपाल। मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने एक बड़ा ऐलान किया है। प्रदेश में सीएम राइज स्कूल का नाम अब बदल गया है। सीएम ने कहा है कि अंग्रेज चले गए लेकिन यह मानसिकता तकलीफ देती है। यह नाम अंग्रेजों जैसा लगता है।
भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि अब राज्य के सभी सीएम राइज स्कूलों का नाम बदलकर संदीपनी स्कूल रखा जाएगा। सीएम ने भोपाल में स्कूल चलो अभियान के मौके पर एक सभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह नामकरण प्राचीन भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को दर्शाने वाला है। उन्होंने कहा कि सीएम राइज स्कूल का नाम ऐसा लगता था जैसे अंग्रेजों के जमाने का हो, इसलिए इसे बदलकर सांदीपनी ऋषि के नाम पर किया गया है।
दरअसल, आज एक अप्रैल से ‘स्कूल चलो अभियान’ शुरू हो रहा है। वही मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल के शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अरेरा कॉलोनी में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने ‘स्कूल चलो अभियान’ को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान हजारों वर्ष पहले भगवान श्रीकृष्ण के समय भी चला था।
सीएम ने इस अवसर पर सरकारी स्कूलों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने से प्रतिभा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि वहां भी छात्र उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं। इसके अलावा, शिक्षकों के समन्वय के लिए एक विशेष पोर्टल का शुभारंभ किया जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जिन्होंने किसी कारणवश स्कूल छोड़ दिया है, उन्हें 4 अप्रैल को वापस स्कूल लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में औद्योगिक माहौल को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संभल संभाग के केंद्र पर इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि उद्योग की दृष्टि से मध्य प्रदेश पहले शून्य था, लेकिन अब यह तेजी से आगे बढ़ रहा है।