लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में धमाका
संवाददाता
8 April 2025
अपडेटेड: 6:51 AM 0thGMT+0530
जांच के लिए विशेष टीम का किया गठन
जांच के लिए विशेष टीम का किया गठन
लखनऊ के गोसाईंगंज में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया, जिससे आसपास का इलाका दहल गया। वही इस हादसे में कारखाने के मालिक का चचेरा भाई घायल हो गया, जिसे हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
लखनऊ स्थित गोसाईंगंज के जौखंडी इलाके में खेत में टिन शेड डालकर बनाए गए पटाखे के कारखाने में विस्फोट से पूरा इलाका दहल गया। धमाके से टिन शेड करीब 20 फुट ऊपर हवा में उछल कर काफी दूर खेत में जा गिरा। धमके से कारखाना पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कारखाने की दीवार के नीचे दबने से वहां काम करने वाले कारखाना मालिक के चचेरा भाई का पैर टूट गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
गोसाईंगंज के जौखंडी गांव में निसार परिवारीजनों के साथ रहता है। उसके पास 31 मार्च 2026 तक का पटाखे बनाने और रखने का लाइसेंस है। उसने जौखंडी गांव में ही खेत में छोटा सा कारखाना टीन शेड डालकर बना रखा है। उसी कारखाने में वह परिवारीजनों के साथ पटाखे बनाता है। इसके अलावा वहां रखता भी है। सुबह रोज की तरह निसार कारखाने में काम करने के लिए गया। दोपहर में वह किसी काम से कारखाने से बाहर गया हुआ था।
निसार का दावा है कि दोपहर करीब 12:30 बजे उसका चचेरा भाई सलमान खाना लेकर कारखाने पर पहुंचा। उसने देखा कि कारखाने से धुआं और चिंगारी निकल रही हैं। उसने फायर एक्स्टिंग्युशर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सही ट्रेनिंग न होने के कारण वह उसे नहीं चला सका। इससे पहले वह कुछ समझ पाता आग और भड़क गई। इस पर वह कारखाने से बाहर की ओर भागा। इसी बीच वहां विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक लोगों को सुनाई दी।
धमाके से कारखाने का टिन शेड करीब 20 फुट ऊपर हवा में उछल कर काफी दूर खेत में जा गिरा। पूरा कारखाना क्षतिग्रस्त हो गया। कारखाने की दीवार गिरने से सलमान उसके नीचे दब गया। वहीं, विस्फोट की आवाज सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे गए। ग्रामीणों ने सलमान कारखाने के मलबे के नीचे दबा देख हिम्मत कर उसे बाहर निकाला। उसका पैर टूट गया था और वह गंभीर रूप से घायल था।
इसी बीच सूचना पर निसार, पुलिस व दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए। दमकलकर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया। आनन-फानन में घायल सलमान को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि विस्फोट के दौरान सलमान कारखाने में पहले से मौजूद था। वह कारखाने में अकेले पटाखे बना रहा था। इसी बीच कारखाने में विस्फोट हो गया। वह बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है।