Share

20 मई 2026

नई दिल्ली:

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने 12वीं कक्षा के छात्रों को एक बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने 12वीं परीक्षा की जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं (आंसर शीट) की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख को आगे बढ़ा दिया है। अब छात्र 23 मई तक स्कैन कॉपी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले इसके लिए अंतिम तिथि 22 मई तय की गई थी।
इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद छात्र 26 मई से 29 मई के बीच अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी ऑनलाइन देख सकेंगे। बोर्ड ने यह फैसला अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर आ रही लगातार तकनीकी समस्याओं और छात्रों की परेशानियों को देखते हुए लिया है।

वेबसाइट हैंग होने और पेमेंट कटने से परेशान थे छात्र
सीबीएसई ने इस साल 12वीं में कॉपियों के मूल्यांकन के लिए पहली बार ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) सिस्टम लागू किया था। इस डिजिटल जांच प्रणाली के बाद आए नतीजों से कई छात्र संतुष्ट नहीं थे। खासकर विज्ञान संकाय (साइंस स्ट्रीम) के कई विद्यार्थियों ने उम्मीद से बेहद कम अंक मिलने की शिकायत की थी। इसके बाद जब छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्युएशन) और अपनी आंसर शीट की स्कैन कॉपी हासिल करने के लिए आवेदन करना शुरू किया, तो उन्हें भारी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
छात्रों का आरोप है कि बोर्ड का पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा था। वेबसाइट पर बार-बार ब्लैंक पेज (खाली पन्ना) दिखाई दे रहा था और लॉगिन करने के लिए जरूरी कैप्चा कोड ही नहीं आ रहा था। कई मामलों में तो ऐसा भी हुआ कि छात्रों के बैंक खाते से पैसे कट गए, लेकिन वेबसाइट हैंग होने के कारण उनका आवेदन पूरा नहीं हो पाया। परेशान छात्रों ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी स्क्रीनशॉट साझा करते हुए बोर्ड की तैयारियों पर जमकर सवाल उठाए।

बोर्ड ने तकनीकी खराबी से किया इनकार, दी ये सलाह
एक तरफ जहां छात्र परेशान होते रहे, वहीं दूसरी तरफ सीबीएसई बोर्ड ने किसी भी तरह की बड़ी तकनीकी विफलता या वेबसाइट क्रैश होने से साफ इनकार किया है। बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने इस मामले पर स्थिति साफ करते हुए कहा कि उन्हें सुबह कुछ छात्रों के फोन जरूर आए थे जिन्हें लॉगिन करने में दिक्कत हो रही थी। उनके अनुसार, यह कोई बड़ी तकनीकी खराबी नहीं है, बल्कि कई बार कंप्यूटर ब्राउज़र में पुराना सेव पेज (कैश मेमोरी) खुल जाता है जिससे ऐसी समस्या आती है।
परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने कंप्यूटर या लैपटॉप को रीस्टार्ट करें या फिर कुछ समय रुककर दोबारा लॉगिन करने की कोशिश करें। बोर्ड का दावा है कि उनका पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पूरी तरह सही तरीके से काम कर रहा है और इसके संबंध में कोई बड़ी आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। बहरहाल, तारीख बढ़ने से उन हजारों छात्रों को बड़ी राहत मिली है जो अपनी कॉपियों की दोबारा जांच कराना चाहते हैं।


Share