13 मई 2026
नई दिल्ली:
मेडिकल की पढ़ाई के लिए होने वाली देश की सबसे बड़ी परीक्षा NEET-UG (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) को लेकर एक बहुत बड़ी खबर आई है। केंद्र सरकार ने पेपर लीक होने की पुष्टि होने के बाद इस पूरी परीक्षा को रद्द करने का कड़ा फैसला लिया है।
रद्द क्यों हुई परीक्षा?
जांच में यह पाया गया कि परीक्षा के करीब 140 से ज्यादा प्रश्न लीक हो चुके थे, जो हुबहू मूल प्रश्न पत्र से मेल खा रहे थे। जैसे ही राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने इस बात की जानकारी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को दी, विभाग में हड़कंप मच गया और छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा निरस्त कर दी गई।
अब आगे क्या होगा?
परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान अगले 10 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा।
छात्रों को फिर से फॉर्म भरने या रजिस्ट्रेशन कराने की कोई जरूरत नहीं होगी।
परीक्षा केंद्र पहले वाले ही रहेंगे, उनमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
छात्रों को इस बार कोई फीस नहीं देनी होगी, बल्कि एनटीए पुरानी फीस भी वापस करेगा और परीक्षा का पूरा खर्च खुद उठाएगा।
जांच और गिरफ्तारियां
इस पूरे मामले की जांच अब सीबीआई (CBI) को सौंप दी गई है। पेपर लीक के आरोप में अब तक देशभर से 17 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें जयपुर से पेपर लीक का मास्टरमाइंड माना जाने वाला मनीष यादव भी शामिल है। राजस्थान से 15 और महाराष्ट्र से 2 लोगों को पकड़ा गया है।
सीहोर कनेक्शन
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि नासिक से पकड़ा गया आरोपी शुभम खैरनार मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की सत्यसाईं यूनिवर्सिटी का छात्र रह चुका है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन के अनुसार उसने 2021 में बीएएमएस में दाखिला लिया था, लेकिन वह कभी नियमित रूप से कॉलेज नहीं आया।
यह परीक्षा 3 मई को देशभर के 565 शहरों में आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 22.79 लाख छात्र शामिल हुए थे। अब इन सभी छात्रों को दोबारा परीक्षा की तैयारी करनी होगी।


Leave a Reply