NSG की मॉकड्रिल के दौरान STF कमांडो की मौत, बैरक में अचेत मिले थे रावेंद्र भदौरिया

khabar pradhan

संवाददाता

7 April 2026

अपडेटेड: 1:13 PM 0thGMT+0530

7 अप्रैल 2026
भोपाल:

राजधानी के लाल परेड ग्राउंड में चल रही नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की मॉकड्रिल के दौरान एक दुखद हादसा सामने आया है। प्रशिक्षण में शामिल मध्य प्रदेश पुलिस के STF कमांडो रावेंद्र भदौरिया की हार्ट अटैक  से मौत हो गई। 35 वर्षीय रावेंद्र मूल रूप से रायसेन जिले के रहने वाले थे।

मॉकड्रिल के बीच बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, लाल परेड ग्राउंड में पिछले तीन दिनों से आतंकी हमलों से निपटने के लिए NSG और STF का संयुक्त अभ्यास (मॉकड्रिल) चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 8 बजे कमांडो रावेंद्र भदौरिया भी इस अभ्यास में शामिल हुए थे। ट्रेनिंग के दौरान करीब 9 बजे उन्हें अचानक बेचैनी महसूस हुई और तबीयत बिगड़ने लगी।

तबीयत खराब लगने पर रावेंद्र बिना किसी को बताए पास ही स्थित कंट्रोल रूम के बैरक में आराम करने चले गए। करीब 10 बजे जब उनके साथी उन्हें देखने बैरक में पहुंचे, तो वे वहां अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी मृत्यु हार्ट अटैक की वजह से हुई है।
रायसेन के लाल थे रावेंद्र
रावेंद्र भदौरिया (उर्फ सोनू) रायसेन जिले के उदयपुरा के रहने वाले थे।
वे 2011 बैच के सिपाही थे। 2013 में वे स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में शामिल हुए।
उन्होंने कड़ी मेहनत के बाद एसटीएफ में कमांडो ट्रेनिंग पूरी की थी और वर्तमान में भोपाल की नेहरू नगर पुलिस लाइन में रह रहे थे।

पुलिस महकमे में शोक की लहर
एक युवा और जांबाज कमांडो की इस तरह अचानक हुई मौत से पुलिस विभाग और उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अरेरा हिल्स पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
सुरक्षा अभ्यासों में सुरक्षा पर सवाल?
यह पहली बार नहीं है जब ट्रेनिंग या अभ्यास के दौरान कोई हादसा हुआ हो। इससे पहले मई 2025 में भदभदा बटालियन में अभ्यास के दौरान बम फटने से एक जवान की जान जा चुकी है। बार-बार होते ऐसे हादसों ने अब जवानों की मेडिकल फिटनेस और ट्रेनिंग के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

टिप्पणियां (0)