RGPV में फिर पेपर लीकः फार्मेसी प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही वायरल

khabar pradhan

संवाददाता

7 April 2026

अपडेटेड: 2:00 PM 0thGMT+0530

मिलान में पूरी तरह सही मिला पेपर, जांच के आदेश

7 अप्रैल 2026 मध्य प्रदेश भोपाल

राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता को लेकर विवादों में है। सोमवार को आयोजित डिप्लोमा फार्मेसी पूरक परीक्षा का प्रश्न पत्र तय समय से पहले ही छात्रों के मोबाइल तक पहुंच गया। परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू होनी थी, लेकिन पेपर कोड 8110 (हॉस्पिटल एंड क्लीनिकल फार्मेसी) के प्रश्न पत्र के फोटो सुबह 10 बजे से सोशल मीडिया और वॉट्सएप ग्रुप्स पर वायरल होने लगे।

पॉलीटेक्निक विंग के सचिव प्रतीक मानके ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और मंगलवार को कार्रवाई होगी। इस परीक्षा में प्रदेशभर से 901 छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद वायरल फोटो का मूल प्रश्न पत्र से मिलान किया गया, जो पूरी तरह सही पाए गए।

एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र ग्वालियर के आरएनएस कॉलेज के बाहर पेपर का मिलान करते दिख रहे हैं। छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र या प्रिंटिंग प्रेस की मिलीभगत के बिना ऐसा संभव नहीं है। चार दिन पहले भोपाल पॉलीटेक्निक कॉलेज में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। वहीं, हाल में बीटेक परीक्षाओं के दौरान परिसर के टॉयलेट्स में नकल की पर्चियां भी मिली थीं।

टिप्पणियां (0)