6 जुलाई 2026: सोमवार :
मध्य प्रदेश/ भोपाल/
परीक्षा शाखा से नौ विषयों के प्रश्न पत्रों के नौ मंडल गायब:
राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) में प्रश्नपत्र चोरी के बाद परीक्षा की प्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि यूटीडी के तहत संचालित स्कूलों के गोपनीय प्रश्नपत्र केंद्रीय परीक्षा शाखा के बजाय संबंधित विभागों में रखे जाते हैं। स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी में प्रश्नपत्र स्ट्रांग रूम के बजाय सामान्य कमरे में रखे थे। वहां स्ट्रांग रूम जैसी व्यवस्थायें नहीं थी और प्रवेश पर भी जरूरी नियंत्रण नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि इसी सुरक्षा चूक का फायदा उठाकर आरोपी ने प्रश्नपत्र चोरी की।
प्रश्न पत्र अलमारी से मिले थे गायब:
जो प्रश्न पत्र 240 विद्यार्थियों को वितरित किया जाना था, वह स्कूल ऑफ बायोमोलीक्यूलर टेक्नोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी स्थित परीक्षा शाखा में रखे हुए पाए गए। जब अधिकारी और कर्मचारी शुक्रवार सुबह 9:30 बजे पहुंचे तो चैनल गेट पर ताला लगा हुआ था लेकिन अंदर अलमारी खुली हुई निकली थी और उसमें रखे हुए प्रश्न पत्र भी गायब थे। प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया है कि एक खिड़की भी टूटी हुई मिली है कुलपति प्रोफेसर आलोक शर्मा ने यूटीडी की परीक्षा नियंत्रक डॉ अर्चना तिवारी को एक नोटिस जारी किया है और 3 दिन के अंदर इस मामले से संबंधित स्पष्टीकरण मांगा है।
RGPV और UTD की परीक्षा की व्यवस्थाओं में क्या है अंतर:
1.केंद्रीय परीक्षा शाखा के प्रश्नपत्र स्ट्रांग रूम और तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत रखे जाते हैं।
2.यूटीडी में प्रश्नपत्र विभागों में रखे जाते हैं। स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी में स्ट्रांग रूम नहीं मिला।
3.केंद्रीय परीक्षा शाखा में परीक्षा संचालन और गोपनीय सामग्री की जिम्मेदारी एक ही शाखा की होती है, जबकि यूटीडी में यह जिम्मेदारी विभागीय स्तर पर बंटी हुई है।
4.यूआईटी अपनी परीक्षाएं अलग से सम्पन्न कराता है, जबकि संबन्धित कॉलेजों की परीक्षाएं मुख्य परीक्षा शाखा कराती है। अलग-अलग व्यवस्था से सुरक्षा और जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।
कांग्रेस ने पेपर लीक होने का लगाया आरोप:
इस मामले में शुक्रवार को परीक्षा स्थगित की गई शनिवार को एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया जहां पता चला कि वहां कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा था और ना ही इस घटना का कोई वीडियो मिला है कांग्रेस नेता अरुण सुभाष चंद्र यादव ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि मामला सिर्फ प्रश्न पत्र चोरी का नहीं है बल्कि पेपर लीक होने का भी है।
परीक्षा शाखा से नौ विषयों के प्रश्न पत्रों के नौ मंडल गायब पाए गए। जिससे शुक्रवार को होने वाली PG फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं ऐन वक्त पर स्थगित कर दी गई। इस मामले में कुलपति ने परीक्षा नियंत्रक को नोटिस जारी किया है और थाने में FIR भी दर्ज कराई है।


Leave a Reply