16 अप्रैल 2026
नई दिल्ली:
अंडमान सागर से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आ रही है। मलेशिया जा रही एक नाव समुद्र के बीचों-बीच हादसे का शिकार होकर डूब गई है। इस नाव पर करीब 250 से अधिक लोग सवार थे, जिनके लापता होने की खबर है।
जानकारी के अनुसार, इस नाव में अवैध रूप से लोग सफर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नाव पर सवार ज्यादातर लोग रोहिंग्या मजदूर और बांग्लादेशी नागरिक थे, जो बेहतर भविष्य की तलाश में समुद्री रास्ते से मलेशिया जाने की कोशिश कर रहे थे।
यह घटना 9 अप्रैल की बताई जा रही है। समुद्र की लहरों के बीच कई दिन बिताने के बाद अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के वक्त वहां सन्नाटा था, लेकिन किस्मत से पास ही कुछ जहाज पेट्रोलिंग कर रहे थे। उन जहाजों की नजर जब डूबते लोगों पर पड़ी, तो तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
इस भयानक हादसे में अब तक केवल 9 लोगों को ही सुरक्षित निकाला जा सका है। बाकी 250 से ज्यादा लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने से हड़कंप मच गया है और उनकी तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।
रेस्क्यू किए गए 9 लोगों को आधी रात के करीब बांग्लादेश कोस्ट गार्ड के गश्ती जहाज मंसूर अली के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल, समुद्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि लापता लोगों के बारे में कोई जानकारी मिल सके, हालांकि समय बीतने के साथ ही उनके बचने की उम्मीदें कम होती जा रही हैं।


Leave a Reply