2 मई 2026

भोपाल :
अयोध्या जाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे एक बड़ी सौगात लेकर आया है। अब मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और अयोध्या कैंट के बीच नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि यह ट्रेन मध्य प्रदेश के इटारसी स्टेशन पर भी रुकेगी, जिससे एमपी के यात्रियों को भी सीधा फायदा मिलेगा।

क्या है खास इस ट्रेन में
अमृत भारत एक्सप्रेस को आधुनिक तकनीक से डिजाइन किया गया है। रेलवे का मकसद आम आदमी को कम किराए में वीआईपी सुविधाओं के साथ सफर कराना है। इस पूरी ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें 8 स्लीपर क्लास, 11 जनरल क्लास, 2 एसएलआरडी और 1 पेंट्री कार शामिल है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह ट्रेन आरामदायक और सुरक्षित सफर का एक बेहतरीन उदाहरण है।

ट्रेन का पूरा शेड्यूल और समय
अगर आप इस ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो इसका समय और नंबर नोट कर लें।
1. ट्रेन नंबर 22111 (LTT से अयोध्या कैंट): यह साप्ताहिक ट्रेन 5 मई से हर मंगलवार को मुंबई (LTT) से सुबह 7 बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी। यह उसी रात 8 बजे इटारसी पहुंचेगी और अगले दिन यानी बुधवार सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
2. ट्रेन नंबर 22112 (अयोध्या कैंट से LTT): वापसी में यह ट्रेन 6 मई से हर बुधवार दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर अयोध्या कैंट से चलेगी। अगले दिन यानी गुरुवार सुबह 3 बजकर 50 मिनट पर यह इटारसी पहुंचेगी और दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस वापस पहुंच जाएगी।
इन शहरों को मिलेगा फायदा
यह ट्रेन महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई बड़े शहरों को आपस में जोड़ेगी। रास्ते में यह ट्रेन ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, सतना, मानिकपुर और प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी।
रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन के लिए बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। जो लोग कम बजट में अयोध्या के दर्शन करना चाहते हैं, उनके लिए यह ट्रेन एक शानदार विकल्प साबित होगी।