Share

13 मार्च 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब सरकार तुअर दाल की खरीदी भी करेगी। दलहनी और तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने के लिए संयुक्त रोडमैप तैयार किया जाएगा और भावांतर योजना के तहत खरीदी जाने वाली सरसों का भुगतान भी केंद्र सरकार करेगी।

दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम दिलाने और बाजार में कीमत गिरने के जोखिम को कम करने पर सहमति बनी।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की और राज्य के विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त सहायता की मांग रखी। वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया कि यदि सब कुछ ठीक रहा तो मध्य प्रदेश को केंद्र से करीब 2500 करोड़ रुपये की सहायता मिल सकती है, जिसमें सिंहस्थ के लिए विशेष पैकेज भी शामिल है।

बैठक में दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने, कृषि अनुसंधान को बढ़ावा देने और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उपायों पर भी चर्चा हुई। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में सड़कों के निर्माण और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर भी विचार किया गया।

सरकार का कहना है कि इन फैसलों से किसानों की आय बढ़ाने और प्रदेश के कृषि क्षेत्र को मजबूत करने में मदद मिलेगी।


Share