10 अप्रैल 2026
खरगोन /महेश्वर:
प्रयागराज महाकुंभ में रुद्राक्ष की मालाएं बेचने के दौरान चर्चा में आई मोनालिसा और फरमान खान की शादी का मामला अब कानूनी पचड़े में फंस गया है। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की जांच में यह खुलासा हुआ है कि निकाह के समय मोनालिसा नाबालिग थी। इस रिपोर्ट के आधार पर महेश्वर पुलिस ने फरमान खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अस्पताल के रिकॉर्ड ने खोली पोल
मोनालिसा के नाबालिग होने के आरोपों के बाद जनजाति आयोग ने गहन जांच की थी। आयोग के जांच दल ने महेश्वर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सरकारी अस्पताल) के रिकॉर्ड खंगाले। रिकॉर्ड के मुताबिक, मोनालिसा की जन्म तिथि 30 दिसंबर 2009 पाई गई है। इस हिसाब से 11 मार्च 2026 को जब केरल में उनका निकाह हुआ, तब मोनालिसा की उम्र केवल 16 साल थी।
फरमान पर अपहरण का मामला दर्ज
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आईजी अनुराग ने पुष्टि की है कि फरमान खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 173 के तहत अपहरण के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। आयोग ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए मध्य प्रदेश और केरल के पुलिस महानिदेशकों (DGP) को भी दिल्ली तलब किया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद
मोनालिसा पारधी जनजाति से ताल्लुक रखती हैं। गाजियाबाद के एक अधिवक्ता ने आयोग से शिकायत की थी कि मोनालिसा की उम्र कम है और यह मामला लव जिहाद से जुड़ा हो सकता है। इसके बाद आयोग ने केरल से लेकर महेश्वर तक दस्तावेजों की पड़ताल की, जिसमें मोनालिसा के नाबालिग होने की पुष्टि हुई।
केंद्र सरकार को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजने की तैयारी में है। फिलहाल, पुलिस कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है और इस खुलासे के बाद क्षेत्र में यह मामला एक बार फिर गरमा गया है।