25 जुलाई 2026 :
मध्य प्रदेश/ भोपाल/
टीटी नगर स्टेडियम से होगी दौड़ शुरू :

नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान ‘रन फॉर लाइफ -नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ के तहत रविवार सुबह टीटी नगर स्टेडियम से मैराथन का आयोजन होगा। इसके चलते सुबह 5 से 9 बजे तक रोशनपुरा, पॉलीटेक्निक चौराहा, रेतघाट, वीआईपी रोड और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

मैराथन में 10, 5 और 2 किमी की दौड़ होगी। प्रतिभागी सुबह 6 बजे से  एकत्रित होना शुरू होंगे। 10 किमी दौड़ सुबह 6:30 बजे, 5
किमी दौड़ 6:40 बजे और 2 किमी दौड़ 6:50 बजे टीटी नगर स्टेडियम से शुरू होगी। दौड़ के दौरान टीटी नगर स्टेडियम, रोशनपुरा चौराहा, बाणगंगा चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, किलोल पार्क, रेतघाट, कोहेफिजा और वीआईपी रोड के हिस्सों में जरूरत के आधार पर यातायात रोका  जायेगा या डायवर्ट किया जाएगा। सुबह 5 से 9 बजे तक दौड़ वाले मार्ग पर भारी वाहन, लोक परिवहन वाहन और अनुमति प्राप्त वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

यहां रहेगा डायवर्जन:
भारत माता चौराहा से जवाहर चौक की ओर, भारत माता से स्मार्ट रोड की ओर, प्लेटिनम प्लाजा से अटल पथ की ओर, पॉलीटेक्निक चौराहा से वीआईपी रोड और रेतघाट की ओर, लालघाटी से वीआईपी रोड की ओर।

एयरपोर्ट जाने वाले ये रास्ता अपनाएंः
नए शहर से एयरपोर्ट जाने वाले वाहन चालक 1250 चौराहा, ठंडी सड़क, कंट्रोल रूम तिराहा, लिली टॉकीज, तलैया, बुधवारा, मोती मस्जिद, रॉयल मार्केट, कलेक्ट्रेट और लालघाटी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

इंदौर-सीहोर जाने वाले  इस रूट का प्रयोग करें:
नए शहर से सीहोर और इंदौर जाने वाले वाहन चालक माता मंदिर, मैनिट, नेहरू नगर चौराहा, भदभदा चौराहा, नीलबड़ और खजूरी सड़क मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।

Share