Share

28 मई 2026
भोपाल:
ऑनलाइन गेम्स की लत युवाओं में किस कदर गुस्सा और हिंसक प्रवृत्ति बढ़ा रही है, इसका एक बेहद हैरान करने वाला मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सामने आया है। यहाँ एमपी नगर इलाके में पबजी (PUBG) गेम में लगातार हारने से बौखलाए एक बीटेक छात्र ने अपने ही रूम पार्टनर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सुबह-सुबह पबजी खेलते समय हुआ विवाद
एमपी नगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घायल छात्र की पहचान 22 वर्षीय शिवेंद्र त्रिपाठी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रीवा का रहने वाला है। शिवेंद्र भोपाल के रातीबड़ में स्थित आईईएस कॉलेज से बीटेक (इंजीनियरिंग) की पढ़ाई कर रहा है। वह एमपी नगर जोन-2 में अलंकार होटल के पास एक किराए के मकान में अपने दोस्तों वंश, ओम द्विवेदी और लोकमणि त्रिपाठी के साथ रहता है। ये सभी दोस्त भी इसी कॉलेज में पढ़ाई करते हैं।
घटना मंगलवार सुबह करीब पांच बजे की है। सभी छात्र खाना खाने के बाद अपने-अपने मोबाइल पर ऑनलाइन पबजी गेम खेल रहे थे। गेम के दौरान रूम पार्टनर लोकमणि लगातार शिवेंद्र से मैच हार रहा था।
चीटिंग का आरोप लगाया और घोंप दिया चाकू
बार-बार हारने से परेशान और गुस्से में आए लोकमणि ने शिवेंद्र पर गेम में चीटिंग (धोखाधड़ी) करने का आरोप लगा दिया। शिवेंद्र ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच बहस बढ़ गई। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि लोकमणि ने अचानक गुस्सा खो दिया और कमरे में रखा चाकू निकालकर शिवेंद्र के सीने और हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

दोस्तों ने बचाई जान, आरोपी फरार
कमरे में चीख-पुकार सुनकर वहाँ मौजूद अन्य दो दोस्तों, ओम और वंश ने तुरंत बीच-बचाव किया और जैसे-तैसे लोकमणि को पकड़ा। इन दोनों दोस्तों की सूझबूझ की वजह से शिवेंद्र की जान बच सकी। वारदात के बाद आरोपी छात्र लोकमणि तुरंत मौके से भाग निकला।
दोस्त खून से लथपथ शिवेंद्र को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया गया है। मामले की शिकायत मिलने पर एमपी नगर थाना पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। सब इंस्पेक्टर (एसआई) कुंवर सिंह ने बताया कि आरोपी और पीड़ित दोनों छात्र रीवा के रहने वाले हैं और पुलिस की टीम फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।


Share