4 जून 2026 :खबर प्रधान डेस्क:
मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल बचाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के अभियान के तहत एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए अब इलेक्ट्रिक कार में चलने का फैसला किया है. बुधवार को यह शानदार इलेक्ट्रिक कार उनके काफिले में शामिल हो गई. मुख्यमंत्री ने खुद बुधवार शाम को इस नई कार की सवारी की और वे मुख्यमंत्री निवास से दिल्ली रवाना होने के लिए स्टेट हैंगर तक इसी गाड़ी से गए.
विकसित भारत 2047 को समर्पित है कार का नंबर:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस नई ईवी को जो नंबर मिला है, वह बेहद खास है. गाड़ी का नंबर ‘एमपी 02 बीबी 2047’ है, जो सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प और ईंधन बचाने की अपील की याद दिलाता है. इस कदम के बाद मुख्यमंत्री के बेड़े में गाड़ियों को बदलने की चर्चा भी तेज हो गई है.
सुरक्षा और फीचर्स में दमदार है यह कार
मुख्यमंत्री के लिए महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक कार एक्सयूवी 9 ई (XUV 9e) का चयन किया गया है. विशेषज्ञों के अनुसार, सुरक्षा के लिहाज से यह बेहद मजबूत और बेहतर गाड़ी है. कंपनी ने इसे इसी साल 2 मार्च को लॉन्च किया था. आइए जानते हैं इसकी मुख्य खूबियाँ:
- यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 500 किलोमीटर का सफर तय कर सकती है.
- रफ्तार के मामले में भी यह दमदार है, जो महज 7.45 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड पकड़ लेती है.
- सुरक्षा के लिए इसमें मल्टीपल एयरबैग्स, पैनोरैमिक सनरूफ, 360 डिग्री कैमरा, कोपिंग मोड, क्लाइमेट कंट्रोल फीचर्स, और हरमन कार्डन ऑडियो सिस्टम जैसे एडवांस फीचर्स दिए गए हैं.
- इसमें 16 मिलियन रंगों वाली एंबियंट लाइटिंग, 79 किलोवाट की लिथियम-आयन बैटरी और डिस्क ब्रेक्स जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं.
ड्रायवरों को दी गई है स्पेशल ट्रेनिंग
प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब मुख्यमंत्री के लिए किसी इलेक्ट्रिक कार का उपयोग किया जा रहा है. इसके महत्व को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने गाड़ी की बारीकी से जांच की है और इसे चलाने वाले ड्रायवरों को विशेष प्रशिक्षण (स्पेशल ट्रेनिंग) भी दिया गया है ताकि सफर पूरी तरह सुरक्षित और आरामदायक रहे.


Leave a Reply