17 सितंबर 2026:
मध्य प्रदेश /भोपाल:
होम लोन की वसूली और बैंक की रिकवरी टीम के कथित दबाव और अभद्रता से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ने परेशान होकर जहरीला पदार्थ पी लिया। जिससे उसकी हालत बेहद खराब हो गई । हालत बिगड़ने पर उन्हें बैरसिया सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से भोपाल रेफर कर दिया गया। फिलहाल हमीदिया अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
बैरसिया के वार्ड-16 निवासी केसरी प्रसाद सोनी ने डीसीबी बैंक से 20 लाख का लोन लिया था। परिजनों का कहना है कि बैंक वाले 27 लाख के हिसाब से पैसे मांग रहे हैं। इसी सिलसिले में बैंक कर्मचारी आदित्य देशमुख अपनी टीम के साथ उनके घर पहुंचे। टीम ने घर में घुसकर अभद्रता की और किस्त जमा करने का दबाव बनाया। इससे केसरी प्रसाद परेशान हो गए और इसके बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ पी लिया। मामले में बैंक कर्मचारी आदित्य देशमुख से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। परिजनों ने संबंधित बैंक कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और लोन वसूली के दौरान कथित दबाव की जांच की मांग की है।


Leave a Reply