Share

10 जुलाई 2026:

मध्य प्रदेश/ भोपाल/

भोपाल। ज्योतिष महर्षि पंडित अयोध्या प्रसाद गौतम एवं पंचांगकार पंडित सूर्यकांत चतुर्वेदी की पुण्य स्मृति में कालिदास राष्ट्रीय महर्षि ज्योतिष सम्मेलन का आयोजन 11 एवं 12 जुलाई 2026 को मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सभागार (मैपकास्ट), नेहरू नगर, भोपाल में किया जाएगा। सम्मेलन में देश के 18 राज्यों से 400 से अधिक विद्वान ज्योतिषाचार्य, पंचांगकार एवं वैदिक विद्वान भाग लेंगे।

कार्यक्रम संयोजक पंडित विनोद गौतम ने बताया कि सम्मेलन का शुभारंभ महामंडलेश्वर एवं संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति में गुरु पूजन के साथ होगा। इसके बाद भोपाल विधायक रामेश्वर शर्मा दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

सम्मेलन में मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री रामकृष्ण कुशमारिया (बाबा जी), मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष श्री ए.पी. सिंह तथा मध्यप्रदेश योग आयोग के अध्यक्ष श्री राघवेंद्र शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सम्मेलन की विशेष आकर्षण यह रहेगा कि 11 जुलाई को शाम 6:00 बजे से रात 9:00 बजे तक आमजन अपने जीवन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का समाधान देशभर से आए विद्वान ज्योतिषाचार्यों से निःशुल्क ज्योतिषीय परामर्श के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।

दो दिवसीय सम्मेलन में ज्योतिष, पंचांग, वैदिक परंपरा, भारतीय ज्ञान-विज्ञान तथा सनातन संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विद्वानों के व्याख्यान, विचार-विमर्श और शास्त्रीय चर्चाएं भी आयोजित की जाएंगी।


Share