14 अप्रैल 2026
भोपाल:
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश इलाके श्यामला हिल्स में डॉक्टर मनोज वर्मा के साथ हुई लूट के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मुख्यमंत्री निवास के पास 10 अप्रैल को हुई इस वारदात की साजिश रचने वाली कोई और नहीं, बल्कि डॉक्टर की ही एक परिचित महिला मित्र निकली। पुलिस ने इस मामले में महिला और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रेतघाट इलाके की रहने वाली 27 वर्षीय आलिया खान इस पूरी लूट की मास्टरमाइंड थी। आलिया, डॉक्टर मनोज वर्मा को पिछले करीब डेढ़ साल से जानती थी। उसे डॉक्टर की दिनचर्या, उनकी आदतों और उनके पास मौजूद कीमती सामान की पूरी जानकारी थी। आलिया को पता था कि डॉक्टर रोज सुबह साइकिलिंग पर निकलते हैं और सोने का भारी कड़ा पहनते हैं। इसी सोने के कड़े के लालच में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
फिल्मी अंदाज में वारदात को दिया अंजाम
10 अप्रैल की सुबह जब डॉक्टर मनोज वर्मा पॉलिटेक्निक रोड से गुजर रहे थे, तब आलिया के साथियों ने पहले से ही वहां घात लगा रखी थी। जैसे ही डॉक्टर वहां पहुंचे, बदमाशों ने अपनी बाइक से उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। डॉक्टर के गिरते ही बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इससे पहले कि डॉक्टर कुछ समझ पाते, बदमाश उनके सोने के जेवर और नकदी छीनकर फरार हो गए।
पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी
वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान पुलिस का शक आलिया खान पर गया। जब पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आलिया की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी अरशान खान को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसने डॉक्टर की साइकिल को टक्कर मारी थी। हालांकि, इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
डॉक्टर का बयान: “वह लालची निकली”
इस घटना के बाद डॉक्टर मनोज वर्मा काफी आहत हैं। उन्होंने बताया कि उनकी आलिया से मुलाकात पार्क में सुबह की सैर के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे उनकी जान-पहचान बढ़ गई, लेकिन वे बहुत गहरे दोस्त नहीं थे। डॉक्टर ने कहा कि आलिया को उनकी आदतों के बारे में काफी जानकारी थी, जिसका उसने गलत फायदा उठाया। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि शायद लालच की वजह से उसने ऐसा कदम उठाया।
प्रभारी डीसीपी जोन-3, खंडेलवाल ने पुष्टि की है कि लूट के दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ लूटा गया सामान बरामद करने की कोशिश कर रही है। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है कि कैसे एक जान-पहचान वाले व्यक्ति ने ही भरोसे का फायदा उठाकर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।


Leave a Reply