15 June 2026
भोपाल
भोपाल के चौक बाजार में स्थित एक नामी सराफा कारोबारी को बदमाशों ने अपनी बातों के जाल में फंसाकर करीब 45 लाख रुपये के सोने के जेवरों की चपत लगा दी है। ठगों ने खुद को राजस्थान के जोधपुर का एक बड़ा सराफा कारोबारी बताया और असली सोने के आभूषणों के बदले रिफाइंड गोल्ड (सोने के बिस्कुट) देने का झांसा देकर फरार हो गए। बाद में जब पार्सल खोलकर जांच की गई, तो उसमें रखे सारे बिस्कुट नकली निकले।
चौक बाजार में गायत्री ज्वेलर्स नाम की दुकान संचालित करने वाले 53 वर्षीय सुनील बेलानी ने इस पूरी धोखाधड़ी की शिकायत कोतवाली थाना पुलिस में दर्ज कराई है। सुनील बेलानी ने पुलिस को बताया कि 11 जून को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को जोधपुर का बड़ा सराफा व्यापारी बताया और कहा कि वह कुछ समय पहले भोपाल आया था और उसने चौक बाजार में उनकी दुकान भी देखी थी।
फोन पर तीन दिन तक चला बातचीत का सिलसिला
शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले शख्स ने बातचीत के दौरान सुनील बेलानी के ज्वेलरी डिजाइनों और उनके काम की खूब तारीफ की। सुनार का भरोसा जीतने के बाद उसने व्यावसायिक लेन-देन का एक बड़ा प्रस्ताव रखा। आरोपी ने दावा किया कि उसके पास शुद्ध रिफाइंड गोल्ड के बिस्कुट हैं और वह उनके बदले में उतनी ही कीमत के तैयार सोने के आभूषण लेना चाहता है। दोनों पक्षों के बीच फोन पर करीब तीन दिनों तक बातचीत चलती रही, जिसके दौरान सौदे की सारी बातें तय हो गईं।
शनिवार दोपहर को आरोपी ने सुनार को फोन करके बताया कि वह अपने एक आदमी के हाथ सोने के बिस्कुट भेज रहा है, जिसके बदले तय मात्रा में सोने के जेवर तैयार करके दे दिए जाएं।
पार्सल में निकले नकली सोने के बिस्कुट, जांच में जुटी पुलिस
तय सौदे के अनुसार, एक अज्ञात युवक चौक बाजार की एक गली में पहुंचा। इसके बाद सुनील बेलानी ने अपने एक कर्मचारी ज्ञानसिंह को उस युवक से मिलने भेजा। युवक ने ज्ञानसिंह को सोने के कई हारों के बदले एक पार्सल सौंपा, जिसका वजन 300 ग्राम से अधिक था। उसने दावा किया कि इस पार्सल में असली सोने के बिस्कुट हैं। ज्ञानसिंह ने पार्सल ले लिया और बदले में 300 ग्राम सोने के तैयार आभूषण उस युवक को सौंप दिए, जिसे लेकर वह तुरंत वहां से रफूचक्कर हो गया।
जब कर्मचारी ज्ञानसिंह पार्सल लेकर दुकान पर पहुंचा और सुनार ने उसे खोला, तो उनके होश उड़ गए। जांच कराने पर पता चला कि पार्सल में रखे सोने के सारे बिस्कुट पूरी तरह नकली थे। जब तक वे कुछ समझ पाते, आरोपी और उसका साथी सुनार के संपर्क से बाहर हो चुके थे और उनका फोन बंद आ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाने के एएसआई गणेश लाल रावसे ने बताया कि धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उस अज्ञात फोन नंबर की कॉल डिटेल (सीडीआर) और लोकेशन खंगाल रही है, जिससे सुनार को कॉल किया गया था। इसके साथ ही दुकान के कर्मचारी ज्ञानसिंह से भी हुलिए को लेकर पूछताछ की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


Leave a Reply