Share

21 अप्रैल 2026

भोपाल:
राजधानी भोपाल के मुख्य रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी ट्रेन संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के अंतिम जनरेटर कोच में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धुएं का गुबार प्लेटफॉर्म नंबर 1 तक फैल गया, जिससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है। शुरुआती जांच में पता चला है कि जनरेटर कोच में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। गनीमत यह रही कि उस समय ट्रेन यार्ड से मेंटेनेंस होकर प्लेटफॉर्म पर आकर लगी ही थी और उसमें यात्री सवार नहीं थे। अगर चलती ट्रेन में यह आग लगती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

रेलवे स्टाफ की मुस्तैदी से काबू में आई आग
आग की लपटें देख प्लेटफॉर्म पर तैनात रेलवे स्टाफ और इंजीनियरिंग टीम तुरंत हरकत में आई। फायर बुस्टर और अग्निशमन यंत्रों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर क्षतिग्रस्त जनरेटर कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया और उसकी जगह दूसरा जनरेटर कोच लगाया गया। इस पूरी प्रक्रिया के कारण ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 2 घंटे की देरी से शाम 6:30 बजे रवाना हो सकी।

जांच के आदेश जारी
पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। तकनीकी टीम इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि मेंटेनेंस के बाद भी शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और रेल यातायात सामान्य रूप से चल रहा है l


Share