मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी, कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार
संवाददाता
10 March 2026
अपडेटेड: 3:21 PM 0thGMT+0530
10 मार्च 2026
मार्च के दूसरे सप्ताह से ही देश के कई हिस्सों में गर्मी के तेवर तेज हो गए हैं।
हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों और महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में लू चलने लगी है। राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 5 से 12 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली में पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5.1 डिग्री ज्यादा है।
दिल्ली में पिछले 15 वर्षों में पहली बार मार्च के पहले सप्ताह में तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंचा है। लगातार दो दिन तक ऐसा होना असामान्य माना जा रहा है। वहीं महाराष्ट्र के अकोला में 8 मार्च को तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया है। हिमाचल के कल्पा में जहां सामान्य तापमान 10 डिग्री के आसपास होना चाहिए, वहां पारा 22 डिग्री तक पहुंच गया। जम्मू-कश्मीर के बनिहाल में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया।
हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई इलाकों में भी तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मार्च के मध्य से लेकर मई के अंत तक लू के दिन सामान्य से अधिक हो सकते हैं।
मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी गर्मी, मौसम विभाग ने जारी किया तापमान बढ़ने का अलर्ट
मध्य प्रदेश में गर्मी का असर अब तेज़ी से महसूस होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। प्रदेश के कई जिलों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर दिखने लगा है।
मौसम विभाग ने भोपाल समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश संभागों में मौसम शुष्क रहा। भोपाल, इंदौर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 1.9 से 2.7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। वहीं नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 3.1 से 4.6 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहा।
दोपहर के समय तेज गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है। स्कूल-कॉलेजों में परीक्षाएं खत्म होने के बाद बच्चे घरों में ही रह रहे हैं और कई घरों में कूलर व एसी भी चलने लगे हैं। मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।