नीमच जिले में आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को मधुमक्खियों के हमले से बचाने के दौरान अपनी जान गंवाने वाली महिला के परिवार को सरकार आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।

जानकारी के अनुसार, महिला कंचनबाई मेघवाल ने आंगनवाड़ी केंद्र में मौजूद करीब 20 बच्चों को मधुमक्खियों के हमले से सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया था। इस दौरान वह स्वयं हमले की चपेट में आ गईं और उनकी मृत्यु हो गई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत महिला के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कंचनबाई मेघवाल का साहस और बलिदान समाज के लिए प्रेरणादायक है। वहीं राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी महिला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।