Share

3 June 2026: खबर प्रधान डेस्क:

भोपाल।
गर्मी के इस मौसम में अगर आप भी बाज़ार में मिलने वाले ठंडे पेय पदार्थों, गन्ने के रस या लस्सी का मज़ा ले रहे हैं, तो यह ख़बर आपको हैरान और परेशान कर सकती है। भोपाल के काजी कैंप इलाक़े से बेहद घिनौनी लापरवाही का एक मामला सामने आया है। यहाँ एक बर्फ़ डिपो पर खुले में रखी बर्फ़ की सिल्लियों को आवारा कुत्ते चाटते हुए दिखाई दिए।
इस पूरी घटना का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) पर ज़बरदस्त तरीक़े से वायरल हो गया। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, लोगों में भारी ग़ुस्सा फैल गया और उन्होंने खाद्य सामग्री के रख-रखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। मामला जब नगर निगम के कानों तक पहुँचा, तो विभाग तुरंत एक्शन मोड में आ गया।

इंटरनेट पर वीडियो आते ही मचा हड़कंप:
यह पूरा मामला काजी कैंप स्थित राजू साहू बर्फ़ डिपो का है। इस डिपो से बड़े पैमाने पर थोक और चिल्लर (फुटकर) बर्फ़ की बिक्री की जाती है। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि दो आवारा कुत्ते खुले में रखी बर्फ़ की बड़ी-बड़ी सिल्लियों के ऊपर चढ़कर उन्हें आराम से चाट रहे हैं।
वहाँ मौजूद किसी व्यक्ति ने चुपके से इसका वीडियो बना लिया और इसे इंटरनेट पर शेयर कर दिया। स्थानीय लोगों की मानें तो इस डिपो से सप्लाई होने वाली बर्फ़ का इस्तेमाल आस-पास की दुकानों पर खाने-पीने की चीज़ों और ठंडे गन्ने के रस आदि में धड़ल्ले से किया जाता था। ऐसे में यह लोगों की सेहत के साथ सीधे तौर पर बहुत बड़ा खिलवाड़ था।

नगर निगम ने की बड़ी कार्रवाई, नाले में फिंकवाई बर्फ़:
वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम की ज़ोन-4 की टीम बिना कोई वक़्त गंवाए तत्काल मौक़े पर पहुँच गई। जाँच दल ने डिपो में रखी हुई बर्फ़ की सिल्लियों को इंसानी इस्तेमाल और खाने-पीने के लायक़ बिल्कुल नहीं माना।
अधिकारियों ने सख़्ती दिखाते हुए डिपो में मौजूद सारी गंदी बर्फ़ को तुरंत ज़ब्त किया और उसे नाले में फिंकवाकर पूरी तरह से नष्ट करवा दिया। इसके साथ ही, इस बेहद गंभीर लापरवाही के लिए नगर निगम की टीम ने डिपो संचालक राहुल साहू पर दो हज़ार रुपये का नक़द जुर्माना भी ठोक दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार बर्फ का उपयोग पेय पदार्थ और खाद्य सामग्री में किया जाता था ।


Share