Share

3 जुलाई 2026:
मध्य प्रदेश /अशोक नगर:
मध्य प्रदेश के अशोकनगर में देवखजूरी के एक स्कूल में एक शिक्षिका पर आरोपी सुमित यादव ने क्लास के अंदर घुसकर हमला किया। बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित यादव ने पुरानी रंजिश के दौरान शिक्षिका पर हमला किया और जान से मारने की धमकी दी।
बुधवार 1 जुलाई सुबह करीब 11:30 शिक्षिका मीनू पटेरिया क्लास में बच्चों को पढ़ा रही थी ‌। वह स्कूल में छठवीं और आठवीं तक के बच्चों को पढ़ाने का काम करती हैं । तभी इस गांव का एक युवक अचानक से ही क्लासरूम में घुस गया और शिक्षिका से बदतमीजी करने लगा।

क्या है पूरा विवाद:
आरोपी का यह विवाद मीनू पटेरिया के स्कूल में जॉइनिंग को लेकर था।  उसका कहना था, स्कूल में उसके ज्वाइन करने से उसके चाचा पप्पू यादव की नौकरी चली गई । जो उस स्कूल में अतिथि शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। किंतु मीनू पटेरिया के आने के बाद अतिथि शिक्षक को पद से हटा दिया गया जिससे आरोपी बेहद नाराज था।
आरोपी स्कूल पहुंचकर क्लासरूम में शिक्षिका को अपशब्द बोलने लगा। शिक्षिका ने उसे अपशब्द बोलने से रोका तो उसने शिक्षिका को जोर से धक्का दिया।  जिससे शिक्षिका  फर्श पर गिर गई। शिक्षिका जब क्लास रूम से जाने लगी तो आरोपी ने रास्ता रोक कर कुर्सी उठाकर उनके ऊपर पटक दी। आरोपी ने शिक्षिका की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। आरोपी जाते-जाते शिक्षिका को धमकी देते हुए कहा ,यहां से जल्द ट्रांसफर करवा लो नहीं तो जान से मार दूंगा। घटना के बाद शिक्षिका बुरी तरह डरी हुई है।

शिक्षक संगठनों  ने की कार्रवाई की मांग:
शिक्षिका ने तुरंत पुलिस को सूचना दी । पुलिस ने सुमित यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद शिक्षक संगठनों में भी नाराजगी देखी गई है । कई जगह शिक्षकों ने विरोध जताते हुए मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि ग्रामीण स्कूलों  में शिक्षकों की सुरक्षा जरूरी है । आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं और शिक्षकों को अक्सर ऐसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो इसके लिए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है।


Share