Share


22 जून 2026 :
खबर प्रधान डेस्क :
मध्य प्रदेश /इंदौर/
इंदौर के बाईपास स्थित  शिशु कुंज स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में खाना खाने के बाद करीब 200 से ज्यादा बच्चों की तबीयत अचानक से बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।

दरअसल शनिवार 21 जून को शिशु कुंज स्कूल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें स्कूल की तरफ से ही सभी बच्चों को भोजन वितरित किया गया। किंतु खाना खाने के बाद बच्चों ने पेट दर्द ,उल्टी ,मतली की शिकायत करना शुरू कर दिया।
बताया गया है कि केजी से पांचवी तक के बच्चों को राजमा चावल और आइसक्रीम दी गई थी । यह खाने के बाद घर पहुंचने पर बच्चों की तबीयत खराब होने लगी।
पहले करीब 35 बच्चों के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई।  किंतु यह आंकड़ा धीरे-धीरे बढ़ता गया और 100 से करीब 200 बच्चों की स्थिति खराब हो चुकी थी।
बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर स्कूल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जाहिर की और वहां हंगामे  जैसी स्थितियां बन गई।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने जांच टीम स्कूल भेजा:
इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा ने जांच टीम को स्कूल भेजा।  जहां सोमवार दोपहर से रात तक जांच चलती रही।  प्रारंभिक जांच में पता चला कि बच्चों ने आइसक्रीम खाई थी। स्कूल के किचन से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए गए।  जहां एक्सपायरी डेट के मसाले के 10 पैकेट, नमकीन के दो पैकेट मिले । जांच टीम ने किचन को सील कर लिया है और एक प्रकरण तैयार किया है।

बच्चों के अभिभावकों ने इस लापरवाही पर गंभीर आरोप लगाते हुए गुस्सा प्रकट किया है और भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर कड़े सवाल उठाए हैं। खाद्य विभाग की टीम ने भोजन के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेज दिया है।  प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही भोजन की गुणवत्ता स्पष्ट हो सकेगी और बच्चों की तबीयत खराब होने का कारण पता चल सकेगा। प्रशासन ने अभिभावकों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


Share