8 June 2026
भुवनेश्वर।
ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में घिरे एक सरकारी इंजीनियर के ठिकानों पर जब विजिलेंस की टीम ने छापेमारी की, तो वहां मिली बेहिसाब दौलत देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। मामला कंधमाल जिले के बालीगुडा का है, जहां इंटीग्रेटेड ट्राइबल डेवलपमेंट एजेंसी यानी आईटीडीए में तैनात सहायक कार्यकारी अभियंता बैकुंठनाथ बेहरा के खिलाफ यह एक्शन लिया गया है।
विजिलेंस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ इंजीनियर बैकुंठनाथ बेहरा के नौ अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में अब तक करोड़ों रुपये की काली कमाई का खुलासा हो चुका है।
लॉकर से उगला ढाई करोड़ से ज्यादा कैश
इस छापेमारी की सबसे हैरान करने वाली बात इंजीनियर के बैंक लॉकर से सामने आई। जब विजिलेंस की टीम ने इंजीनियर के बैंक लॉकर को खुलवाया, तो उसमें नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। लॉकर से कुल 2 करोड़ 66 लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की गई है। इसके अलावा उनके ठिकानों से भारी मात्रा में सोने के गहने, कई लग्जरी कारें और दूसरे महंगे साजो-सामान भी जब्त किए गए हैं।
1999 में महज 6 हजार रुपये से शुरू हुई थी नौकरी
इस पूरी कार्रवाई में जो बात सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रही है, वो है इंजीनियर का सफर। बैकुंठनाथ बेहरा ने साल 1999 में मात्र छह हजार रुपये के मासिक वेतन पर एक कनिष्ठ अभियंता यानी जूनियर इंजीनियर के रूप में अपनी सरकारी नौकरी की शुरुआत की थी। इतने कम वेतन से करियर शुरू करने वाले अधिकारी के पास आज की तारीख में इतनी बेहिसाब संपत्ति देखकर हर कोई हैरान है।
5 आलीशान मकान और 13 प्लॉटों के मालिक
विजिलेंस की जांच में केवल कैश और गहने ही नहीं, बल्कि जमीनों और मकानों के रूप में किए गए भारी निवेश का भी पता चला है। अब तक की गई पड़ताल में सरकारी इंजीनियर की पांच बहुमंजिला आलीशान इमारतें सामने आई हैं। इसके साथ ही अलग-अलग इलाकों में कुल 13 कीमती प्लॉटों की पहचान की जा चुकी है। इन 13 प्लॉटों में से सात प्लॉट भुवनेश्वर में, पांच धर्मशाला में और एक बारीपदा में स्थित है।
यही नहीं, जांच टीम को एक रिश्तेदार के नाम पर बने लगभग 2,500 वर्गफुट के एक दो मंजिला मकान का भी पता चला है। विजिलेंस को पूरा शक है कि इस मकान में भी
इंजीनियर का ही संदिग्ध निवेश लगा हुआ है।
रिश्तेदारों के घरों पर भी तलाशी अभियान जारी
भ्रष्टाचार के इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए विजिलेंस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इसी कड़ी में मयूरभंज के बारीपदा और जाजपुर के धर्मशाला में स्थित इंजीनियर के करीबियों और रिश्तेदारों के घरों पर भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया है, ताकि संपत्ति से जुड़े और भी अहम सुराग जुटाए जा सकें।


Leave a Reply