28 मई 2026
भोपाल:
आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) के त्योहार को देखते हुए मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने राज्यभर के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल की ओर से यह दिशा-निर्देश प्रदेश की सभी वक्फ संस्थाओं, मस्जिदों और इंतजामिया कमेटियों के लिए जारी किए गए हैं। इस अपील का मुख्य उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और गरिमापूर्ण तरीके से मनाना है। इसके साथ ही, त्योहार के मद्देनजर राजधानी भोपाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज कई जगहों पर ट्रैफिक रूट (यातायात) में भी बदलाव रहेगा।
सड़क या सार्वजनिक जगहों पर नमाज पढ़ने से बचें
वक्फ बोर्ड की ओर से जारी निर्देशों में साफ कहा गया है कि ईद की नमाज केवल ईदगाह और मस्जिद परिसरों के भीतर ही अदा की जाए। लोगों से अपील की गई है कि वे सड़कों या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर नमाज पढ़ने से पूरी तरह बचें। अगर किसी मस्जिद या ईदगाह में जगह कम होने के कारण भीड़ बढ़ने की संभावना हो, तो ऐसी स्थिति में स्थानीय प्रशासन से तालमेल बनाकर व्यवस्था को दुरुस्त करने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने प्रदेश की लगभग 15 हजार वक्फ संपत्तियों, जिनमें मस्जिद, कब्रिस्तान, दरगाह और मदरसे शामिल हैं, को ये निर्देश भेज दिए हैं। सभी जिला कलेक्टरों और जिला वक्फ कमेटियों को मिलकर इन नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
कुर्बानी स्थल को चारों तरफ से ढकना जरूरी
सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए कुर्बानी को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। गाइडलाइन के मुताबिक, कुर्बानी केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही की जानी चाहिए, खुले में कुर्बानी करने की सख्त मनाही है। जहाँ भी कुर्बानी की जा रही है, उस जगह को चारों तरफ से अच्छी तरह ढक कर रखा जाए। इसके अलावा, कुर्बानी के बाद आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और बचे हुए अवशेषों का सुरक्षित और सही तरीके से निस्तारण (Disposal) करने के लिए कहा गया है ताकि किसी भी तरह की गंदगी या बीमारी न फैले।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल न करने की सलाह
धार्मिक मर्यादाओं और लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए बोर्ड ने एक बेहद जरूरी सलाह भी दी है। गाइडलाइन में साफ कहा गया है कि कुर्बानी से जुड़ी कोई भी फोटो, वीडियो या ऑडियो सोशल मीडिया पर शेयर या वायरल न करें। शासन और वक्फ बोर्ड ने सभी नागरिकों से इन दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है ताकि त्योहार का आनंद और आपसी भाईचारा बना रहे।


Leave a Reply