4 सितंबर 2026:
मध्य प्रदेश/ भोपाल/
भोपाल में जन्माष्टमी के पर्व पर हरिहर महोत्सव समिति की ओर से पारंपरिक चल समारोह निकाला जाएगा। इसमें आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जिसमें राजा भोज पर्यावरण बचाने का संदेश देंगे, साथ ही शिव पार्वती, राधा कृष्ण, वासुदेव की झांकियां भी खास आकर्षण का केंद्र होंगी। समिति के मीडिया प्रभारी विवेक साहू ने बताया कि दोपहर 12:30 बजे इस शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। शोभायात्रा श्रीजी मंदिर लखेरापुरा से प्रारंभ होगी। रास्ते में 21 स्थानों पर ग्वाल गोपालाओं की टोलियां माखन मटकी फोड़ेंगी। यात्रा में मंडला-डिंडोरी की प्रसिद्ध डांस टोलियां, नरसिंहगढ़ एवं ब्यावरा का प्रसिद्ध बैंड, 21 ढोल, डीजे बैंड, घोड़ा-बग्गी एवं दुलदुल घोड़ी आयोजन की शोभा बढ़ाएंगी।
मंदिरों में मध्यरात्रि जन्मोत्सव:
भोपाल शहर के श्रीकृष्ण मंदिरों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुये। भगवान का विशेष श्रृंगार, भजन-कीर्तन और झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के समय मंदिरों में ‘शंखनाद और घंटियों के साथ ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंजेंगे। इसके बाद पंजीरी का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
शहर के श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर,
राधा कृष्ण मंदिर बरखेड़ी, गोपाल मंदिर टीलाजमालपुरा, श्रीराम मंदिर गुरुबख्श की तलैया सहित अनेक स्थानों पर देर रात्रि तक कृष्ण जन्मोत्सव की धूम रहेगी।
दिव्यांगों को वितरित करेंगे उपहार
ब्रह्मकुमारी सुख शांति भवन नीलयड़ द्वारा जन्माष्टमी पर समारोह आयोजित किया जाएगा। बीके राम ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सदस्यों द्वारा ईदगाह सहित अन्य स्थानों पर दिव्यांगों के हॉस्टल में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, उन्हें मेडिटेशन कराया जाएगा, साथ ही उपहार वितरित किए जाएंगे।
इस्कॉन कोलार में दिन भर फलहारी वितरणः
इस्कॉन कोलार में जन्माष्टमी पर्व वैदिक परंपरा के साथ मनाया जाएगा। मंदिर में 24 घंटे अखंड भजन कीर्तन होगा। भगवान को एक हजार से अधिक व्यंजनों का भोग लगेगा। साथ ही श्रद्धालुओं को दिन भर फलाहारी भंडारा, प्रसाद वितरित किया जाएगा। इनमें फल,
मैवै, दूध से बने पदार्थ, मिठाइयां, पेय, नमकीन और विभिन्न फलाहारी पकवान शामिल होंगे। स्वच्छता में भागीदारी निभाएगी युवाओं की टोली जन्माष्टमी के मौके पर होने वाले कार्यक्रमों में शहर के अनेक युवा भागीदारी निभाएंगे। इस दौरान मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर होने वाले कार्यक्रमों में युवाओं की टोलिया स्वच्छता के लिए पहल करेंगे। सनातनी इंफ्युएंशर्स ग्रुप के शुभम सोनी ने बताया कि इसके लिए ग्रुप के सभी युवा सदस्य अपने क्षेत्रों के मंदिरों सहित मोहल्ले में होने वाले कार्यक्रमों में भागीदारी निभाएंगे और स्वच्छता का संदेश देंगे।
गोसेवा के साथ मनाएंगे जन्माष्टमीः शहर में जन्माष्टमी के मौके पर गोसेवा भी की जाएगी। एमपी नगर स्थित
गोशाला में अनेक संगठनों के सदस्यों और श्रद्धालुओं द्वारा गोमाता को हरा चारा खिलाया जाएगा। इसी प्रकार अन्य गोशालाओं में भी अनेक श्रद्धालु गोसेवा के लिए पहुंचेंगे।
मटकी फोड़ का उत्साह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियांः
जन्माष्टमी के मौके पर शहर में जगह-जगह मटकी फोड़, दही-हांडी के आयोजन भी होंगे। विभिन्न कॉलोनियों, मैदान, बाजार, बस्तियों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। इस दौरान संगठनों द्वारा कहीं 40 तो कहीं 30 फीट की ऊंचाई पर मटकी बांधी जाएगी और गोपालाओं की टोलियां उसे फोड़ने का प्रयास करेंगी। ढोल-नगाड़ों और कृष्ण भजनों के बीच गोविंदा टोलियां एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर मटकी तक पहुंचेंगी।


Leave a Reply