Share

29 मई 2026

मुंबई:
मुंबई के गोरेगांव पूर्व इलाके से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक होटल में ग्राहकों को परोसी जाने वाली रोटी पर थूक लगाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में भारी गुस्सा देखा गया, जिसके तुरंत बाद एक्शन में आई पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है। यह पूरी घटना गोरेगांव पूर्व के संतोषनगर इलाके में स्थित फिफ्टी कोलीवाड़ा होटल की बताई जा रही है।

शिकायतकर्ता ने आंखों देखी कहानी बयां की
इस मामले में शिकायत दर्ज कराने वाले 48 वर्षीय दीपक दत्ताराम पवार ने पुलिस को दिए अपने बयान में पूरी घटना की जानकारी दी है। दीपक पवार ने बताया कि वह 23 मई 2026 की रात को खाना खाने के लिए घर से बाहर निकले थे। पहले वह किसी दूसरे होटल में खाना खाने गए थे, लेकिन वहां भीड़ ज्यादा होने की वजह से वे संतोषनगर के फिफ्टी कोलीवाड़ा होटल में आ गए।
होटल पहुंचने के बाद जब उन्होंने अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। दीपक पवार के अनुसार, होटल के अंदर रोटी बनाने वाला कर्मचारी हर एक रोटी बेलने के बाद उस पर थूक लगा रहा था और फिर उसे भट्टी में सेकने के लिए डाल रहा था।

चुपके से बनाया वीडियो और पुलिस को दी जानकारी
होटल कर्मचारी की इस घिनौनी हरकत को देखकर दीपक पवार कुछ देर तक वहीं खड़े रहे और उन्होंने अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का एक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद जैसे ही स्थानीय लोगों को इस बात की भनक लगी, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। माहौल बिगड़ता देख स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके इस शर्मनाक घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी कर्मचारी को अपनी हिरासत में ले लिया।


Share