7 सितंबर 2026:
मध्य प्रदेश /इंदौर/
इंदौर के सर्राफा कारोबारी ने मुंबई से सोने के सामान का कोरियर पार्सल कराया। मुंबई से इंदौर मंगवाए गए सोने के कोरियर पार्सल से 11 चेनें चोरी हो गई। सराफा कारोबारी ने पार्सल खोलकर माल का वजन कराया तो 273.370 ग्राम सोना कम निकला। गायब सोने की कीमत 40 लाख रुपए से अधिक है। शक कोरियर से पार्सल डिलीवरी करने वाले कर्मचारी पर गया।
सराफा टीआई राजकुमार लिटोरिया के अनुसार पुलिस ने मामले में रितिक पितां अशोक गोयल निवासी द्वारकापुरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक रितिक मुंबई की कंपनी की ओर से कोरियर पार्सल की डिलीवरी का काम करता है। पूछताछ में उसके द्वारा पार्सल से सोने की चेनें निकालने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गईं 11 चेनें बरामद कर ली हैं। इनका कुल वजन 273.370 ग्राम है। पुलिस के मुताबिक दिनेश सोनी की एमके हाइट्स, शक्कर बाजार स्थित सराफा में सोने-चांदी की दुकान है। उन्होंने 11 अगस्त को मुंबई की स्वर्णशिल्प ज्वैलर्स से सोने की चेनें मंगवाई थीं। करीब 791.570 ग्राम वजन की सोने की चेनें बीवीसी लॉजिस्टिक कोरियर के जरिए इंदौर भेजी गई थीं।
13 अगस्त को पहुंचा पार्सल, वजन के बाद खुला चोरी का राज:
13 अगस्त को यह पार्सल इंदौर पहुंचा। इसके बाद गणेश नाम का कर्मचारी पार्सल लेकर सराफा स्थित कारीगर के पास पहुंचा। वहां सामने ही पार्सल खोला गया और उसमें रखे सोने का वजन किया गया। वजन में करीब 273 ग्राम सोना कम निकला। जांच करने पर 11 सोने की चेनें भी गायब मिलीं।
मुंबई के ज्वैलर ने बताया कि माल पूरा भेजा गया:
चेनें कम मिलने के बाद दिनेश सोनी ने मुंबई के व्यापारी से संपर्क कर शिकायत की। मुंबई के व्यापारी ने अपनी ओर से पूरा माल भेजने की बात कही। इसके बाद कारोबारी ने सराफा पुलिस को शिकायत की।
पुलिस ने कोरियर से जुड़े लोगों और पार्सल की डिलीवरी के दौरान की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।


Leave a Reply