Share

27 मई 2026

भोपाल:
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सबसे वीआईपी इलाकों में से एक चार इमली क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ पुलिस मुख्यालय में पदस्थ आईपीएस अधिकारी संजीव कुमार कंचन की नाबालिग बेटी ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त किशोरी घर में अकेली थी। हबीबगंज थाना पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और खुदकुशी के कारणों का पता लगाने की कोशिश में जुटी है। बताया गया है कि मृतका की मां भोपाल कोर्ट में जज के पद पर कार्यरत हैं।
नौकर ने सबसे पहले देखा शव
यह दर्दनाक घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। दोपहर करीब दो बजे जब उनके घर का नौकर सरकारी आवास के सेकंड फ्लोर पर बने कमरे में गया, तो उसने किशोरी के शव को कमरे में दुपट्टे से बने फंदे पर लटकते हुए देखा। नौकर ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना आईपीएस संजीव कुमार कंचन को फोन पर दी, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में घर पहुंचे।
मौके पर पहुंची पुलिस, नहीं मिला सुसाइड नोट
घटना की जानकारी मिलते ही हबीबगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और मामले की जांच शुरू की। हालांकि, पुलिस को तलाशी के दौरान मृतका के पास से या कमरे से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने जानकारी दी है कि जब यह दुखद घटना हुई, उस समय घर में परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। नौकर ने ही सबसे पहले किशोरी को फंदे पर लटका हुआ देखा था और पुलिस को शुरुआती सूचना दी थी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है।
हाल ही में मनाया था 17वां जन्मदिन
आईपीएस संजीव कुमार कंचन वर्तमान में पुलिस मुख्यालय में बतौर एआईजी पदस्थ हैं और अपने परिवार के साथ चार इमली स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उनकी इस नाबालिग बेटी ने पिछले दिनों ही अपना 17वां जन्मदिन मनाया था। वह कोलार इलाके में स्थित एक नामी प्राइवेट स्कूल में कक्षा दसवीं की छात्रा थी। बुधवार को जब यह घटना हुई, तब संजीव कुमार अपने ऑफिस गए हुए थे, उनकी पत्नी कोर्ट में थीं और उनका बड़ा बेटा भी घर पर मौजूद नहीं था। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।


Share