3 सितंबर 2026:
मध्य प्रदेशः जबलपुर/

मध्य प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जबलपुर के बरगी बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।  बांध में पानी की बढ़ती आवक को नियंत्रित करने के लिए 13 गेट खोल दिए गए हैं । इन गेटों को औसतन 2.15 मीटर की ऊंचाई तक खोला गया है। बांध से करीब 3988 क्यूमेक पानी लगातार छोड़ा जा रहा है । डैम के 13 गेट खुलते ही पानी का तेज फव्वारा फूट पड़ा है।  पानी की गड़गड़ाहट दूर तक सुनाई दे रही है।

दरअसल जबलपुर जिले में बारिश कम हुई है ,लेकिन मंडला , डिंडोरी और अमरकंटक क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से बरगी डैम एक बार फिर लबालब हो गया है।
जलस्तर बढ़ने से  बांध प्रबंधन ने पानी की निकासी बढ़ा दी है और गेटों की अधिकतम 1.96 मीटर की ऊंचाई तक खोला गया है।  प्रशासन के मुताबिक नर्मदा के घाटों पर जल स्तर करीब 7 से 8 फीट तक बढ़ सकता है।  ऐसे में आसपास रहने वाले लोगों से नर्मदा के घाटों और तटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
पर्यटक पहुंच रहे अद्भुत नजारा देखने:
बांध के गेट खुलने का अद्भुत नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक स्थानीय लोग बरगी डैम पहुंच रहे हैं।
बरगी डैम के गेट खुलने के बाद पानी की तेज धार और गड़गड़ाहट का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।  तेज रफ्तार से गिरते पानी की तस्वीर लोग अपने मोबाइल में कैद कर रहे हैं। हर साल यह नजारा काफी आकर्षक रहता है और लोग इस अद्भुत नजारे का लुत्फ उठा रहे हैं।

Share