18 अप्रैल 2026
सिंगरौली:
मध्य प्रदेश के सिंगरौली से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। जिला मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में शुक्रवार दोपहर पांच हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरे बैंक से करोड़ों का सोना और लाखों रुपये नगद लेकर फरार हो गए हैं।
शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 बजे जब बैंक में कामकाज चल रहा था, तभी दो बाइकों पर सवार पांच नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने बैंक के अंदर हवाई फायर किया और वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया।
मैनेजर पर हमला और लूट
लुटेरों ने बैंक मैनेजर से तिजोरी की चाबियां मांगी। जब मैनेजर ने आनाकानी की, तो बदमाशों ने बंदूक की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने लॉकर से करीब 10 किलो सोना और 20 लाख रुपये नगद एक पिट्ठू बैग में भरे और फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
एसपी मनीष खत्री ने बताया कि डकैतों को पकड़ने के लिए चार टीमें बनाई गई हैं।
बदमाशों की तलाश में उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ पुलिस का भी सहयोग लिया जा रहा है।
प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना खुद विशेष विमान से सिंगरौली पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने बैंक से करीब एक किलोमीटर दूर एक देसी कट्टा बरामद किया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज में तीन आरोपी एक ही बाइक पर भागते हुए नजर आए हैं।
सोने की कीमत पर मतभेद
लूट की रकम को लेकर बैंक प्रबंधन और पुलिस के आंकड़ों में थोड़ा अंतर है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि करीब 12 करोड़ रुपये का सोना लूटा गया है, जबकि पुलिस के अनुसार यह राशि करीब 5 करोड़ रुपये के आसपास है। फिलहाल पुलिस डकैतों के सुराग ढूंढने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। इस घटना ने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।


Leave a Reply