21 अप्रैल 2026
बेंगलुरु:
सोमवार को फ्लाई91 एयरलाइंस के एक विमान में आई तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों की सांसें हवा में अटकी रहीं। हैदराबाद से हुब्बली के लिए उड़े इस विमान को तकनीकी दिक्कत की वजह से करीब 4 घंटे तक आसमान में चक्कर लगाने पड़े। आखिरकार, विमान को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया, जिसके बाद यात्रियों और एयरलाइंस स्टाफ ने राहत की सांस ली।
दरअसल फ्लाई91 एयरलाइंस की फ्लाइट आईसी3401 (IC3401) ने सोमवार दोपहर करीब 3 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। इस विमान को शाम 4:30 बजे हुब्बली एयरपोर्ट पर लैंड करना था। लेकिन लैंडिंग से ठीक पहले विमान में कोई गंभीर तकनीकी खराबी आ गई, जिसकी वजह से पायलट के लिए उसे हुब्बली में उतारना मुमकिन नहीं था।
आसमान में 4 घंटे का डर
हुब्बली में लैंड न कर पाने की स्थिति में विमान मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोग्गा के ऊपर आसमान में लगातार चक्कर काटता रहा। विमान के अंदर बैठे यात्री इस स्थिति को देखकर बुरी तरह डर गए। बताया जा रहा है कि कई यात्री घबराहट में रोने लगे और सुरक्षित बचने के लिए भगवान से दुआ मांगने लगे। करीब 4 घंटे तक आसमान में मंडराने के बाद विमान को बेंगलुरु की तरफ मोड़ा गया।
तमाम कोशिशों और सुरक्षा जांच के बाद, विमान को शाम को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया। एयरपोर्ट पर पहले से ही इमरजेंसी इंतजाम कर लिए गए थे। विमान के सुरक्षित उतरते ही यात्रियों ने राहत महसूस की।
जांच के आदेश
एयरलाइंस की ओर से अभी तकनीकी खराबी के सटीक कारण का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की बात कही जा रही है। यह देखा जा रहा है कि उड़ान भरने से पहले विमान की जांच में कोई चूक तो नहीं हुई थी।


Leave a Reply