अवैध अफीम खेती पर बड़ी कार्रवाई, 7900 किलो की फसल नष्ट

khabar pradhan

संवाददाता

11 March 2026

अपडेटेड: 4:15 PM 0thGMT+0530

अवैध अफीम खेती पर बड़ी कार्रवाई, 7900 किलो की फसल नष्ट

11 मार्च 2026

भोपाल। मध्यप्रदेश के छतरपुर टीकमगढ़ और दमोह  जिले में पुलिस और प्रशासन की टीम ने अवैध अफीम खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7900 किलो अफीम की फसल को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई जिले के कई गांवों में की गई, जहां बिना अनुमति के अफीम की खेती की जा रही थी।

दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस की टीम एक खेत को देखकर आश्चर्य में पड़ गई  । गांव सोहेला में ढाई एकड़ से ज्यादा के क्षेत्र में अन्य दूसरी फसलों के बीच 6331.5 किलो अफीम की फसल तैयार की जा रही थी, जिसकी कीमत करीब 1.89 करोड रुपए है । छतरपुर जिले के गढी लहरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गेहूं की फसल के बीच अफीम की फसल पकड़ी है। करीब आधा एकड़ से ज्यादा में 1140 किलो अफीम की फसल थी , जिसका बाजार मूल्य 70 लाख रुपए बताया गया है इस फसल को नष्ट किया गया है ।

अधिकारियों के अनुसार टीम ने खेतों में पहुंचकर अफीम के पौधों को उखाड़कर नष्ट किया। इस दौरान कई एकड़ में फैली अफीम की खेती पकड़ी गई, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अफीम की अवैध खेती पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने किसानों को चेतावनी दी है कि बिना सरकारी अनुमति के अफीम की खेती करना कानूनन अपराध है।

मध्य प्रदेश देश के उन कुछ राज्यों में है, जहां अफीम की खेती केंद्र सरकार के अनुमति से की जाती है। विशेष तौर पर मंदसौर, नीमच और रतलाम जिले में अधिक पैदावार होती है । किसानों को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स लाइसेंस जारी करता है । यहां तैयार अफीम को सरकारी एजेंसी को बेचना अनिवार्य होता है ।

अफीम का ब्लैक मार्केट करोड़ों रुपए का है । अफीम की सही कीमत प्रोसेसिंग के बाद निकाली जाती है क्योंकि इसके बाद मॉर्फिन, कोडीन,हेरोइन आदि मादक पदार्थ बनाए जाते हैं । किसान से खरीद कम दाम में होती है । फिर अवैध स्थानीय बाजार और प्रोसेस्ड ड्रग्स की कीमत सबसे ज्यादा लगती है। सरकार द्वारा खरीदी जाने वाली अफीम का इस्तेमाल दवाइयां के लिए किया जाता है । इसलिए इसकी कीमत कम होती है ।अवैध बाजार में कई गुना ज्यादा दाम मिलने से सारा माल यहां खपाया जाता है।

टिप्पणियां (0)