आरजीपीवी कैंटीन विवाद: थाली में ‘छिपकली’ मिलने का आरोप, कर्मचारी बोला—शिमला मिर्च थी
संवाददाता
23 March 2026
अपडेटेड: 4:23 PM 0rdGMT+0530
23 मार्च 2026
भोपाल।
छात्रों ने बनाया वीडियो, जांच के लिए कमेटी गठित; सच सामने आने का इंतजार
राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) की यूनिवर्सिटी कैंटीन में परोसे गए खाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। छात्रों ने आरोप लगाया है कि उनकी थाली में छिपकली निकली, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ छात्र कैंटीन में खाना खाते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान एक छात्र को अपनी थाली में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसे पास से देखने पर उसने छिपकली बताया।
हालांकि, कैंटीन कर्मचारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह छिपकली नहीं, बल्कि शिमला मिर्च थी। कर्मचारी ने मौके पर ही उसे उठाकर खा लिया और खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताया।
छात्रों का कहना है कि खाने में मिला हिस्सा अभी भी संदिग्ध लग रहा था। मामला सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी है।
कैंटीन संचालक ने भी छात्रों के आरोपों को गलत बताया है और कहा है कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। फिलहाल किसी छात्र के बीमार होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।