22 अप्रैल 2026

इटारसी:
नर्मदापुरम जिले की केसला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने नेशनल हाईवे (NH-46) पर घेराबंदी कर एक लग्जरी स्कॉर्पियो गाड़ी को पकड़ा है, जिसमें अवैध रूप से शराब की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने मौके से करीब 10 लाख 90 हजार रुपये का माल जब्त किया है और दो आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

देर रात हाईवे पर हुई घेराबंदी
थाना प्रभारी मदन पवार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में शराब ले जाई जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 20 और 21 अप्रैल की दरमियानी रात करीब 4:30 बजे जनपद पंचायत केसला के सामने हाईवे पुलिया पर जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध स्कॉर्पियो (MP 04 ZJ 3484) वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोक लिया।

गाड़ी से निकली 12 पेटी शराब
जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें देसी और अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा मिला। पुलिस ने गाड़ी से कुल 12 पेटी शराब बरामद की है, जिसमें:
108 लीटर देसी प्लेन मदिरा (8 पेटी)
करीब 34.5 लीटर अंग्रेजी शराब (4 पेटी)
जब्त की गई शराब की कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई जा रही है, वहीं तस्करी में इस्तेमाल हो रही स्कॉर्पियो गाड़ी की कीमत करीब 10 लाख रुपये है।

पकड़े गए आरोपी और उनका पुराना रिकॉर्ड
पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है:
प्रमोद राजपूत (48 वर्ष) यह मुख्य आरोपी है और पथरोटा थाने का निगरानीशुदा बदमाश है। इस पर पहले से ही करीब 20 मामले दर्ज हैं।
हेमराज चौधरी (21 वर्ष) दोनों आरोपी पथरोटा के निवासी हैं।

जांच के लिए भेजे गए सैंपल
पुलिस ने शराब की बोतलों से कुल 32 नमूने (सैंपल) सीलबंद किए हैं, जिन्हें लैब में परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।