25 मई 2026
नई दिल्ली;
आसमान से बरस रही है आग,
देश के ज्यादातर हिस्सों में इन दिनों सूरज आग उगल रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में लोग भीषण गर्मी और लू (हिटवेव) से बेहाल हैं। हालात ये हैं कि दिन के साथ-साथ अब रातों का तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है, जिसकी वजह से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। नींद न आने के कारण लोगों में चिड़चिड़ापन और थकान जैसी दिक्कतें लगातार बढ़ रही हैं।
अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या
गर्मी और लू के कारण लोगों को हीट स्ट्रेस, हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, थकान और त्वचा से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सिरदर्द, चक्कर आना और आंखों में धुंधला दिखने जैसी दिक्कतों से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। अकेले मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना 300 के करीब मरीज आ रहे हैं, जिनमें से 50 से 60 मरीज सिर्फ तेज सिरदर्द और चक्कर आने की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। उल्टी-दस्त की गंभीर समस्या के कारण 28 मरीजों को भर्ती भी करना पड़ा है। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान बढ़ने से लोगों में मानसिक तनाव और आक्रामकता भी बढ़ रही है।
शरीर के इन अंगों पर पड़ रहा है बुरा असर
डॉक्टरों के मुताबिक, लंबे समय तक अत्यधिक गर्मी और उमस में रहने से हमारे शरीर के मुख्य अंगों पर बहुत बुरा असर पड़ता है। इससे दिमाग, हृदय, किडनी, फेफड़े और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं। अगर किसी को तेज बुखार, चक्कर आना, उल्टी होना, बहुत ज्यादा कमजोरी लगना या भ्रम (उलझन) जैसी स्थिति महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
कहाँ रिकॉर्ड किया गया सबसे ज्यादा तापमान?
देश में आंध्र प्रदेश का ‘चिंट्याला’ सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया है, जहाँ रविवार को अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में स्थित ब्रह्मपुरी में पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर प्रदेश के बांदा में पिछले हफ्ते गर्मी के सारे रिकॉर्ड टूट गए, जहाँ तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज, उरई, झांसी और आगरा में भी पारा 45 डिग्री के पार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 28-29 मई से नए पश्चिमी विक्षोभ के आने के बाद ही गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
गर्मी से बचाव के आसान और प्रभावी उपाय:
- दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी और लिक्विड डाइट लें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
- ओआरएस (ORS) का घोल, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन ज्यादा से ज्यादा करें।
- दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बहुत जरूरी काम होने पर ही धूप में निकलें।
- धूप में निकलते समय हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें।
- घर को ठंडा रखने के लिए पर्दों का इस्तेमाल करें और पंखा, कूलर या एसी का प्रयोग करें।
- खान-पान का खास ख्याल रखें; ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन खाने से बचें।
- कैफीन (चाय-कॉफी), शराब और धूम्रपान जैसी चीजों से पूरी तरह दूरी बनाकर रखें।


Leave a Reply