Share

21 अप्रैल 2026
बालोतरा:
राजस्थान के बालोतरा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पचपदरा में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी में उद्घाटन समारोह से ठीक एक दिन पहले भीषण आग लग गई। इस अचानक हुई घटना के कारण सुरक्षा कारणों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रिफाइनरी के क्रूड और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट में दोपहर करीब 2 बजे आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि एक एक्सचेंज में विस्फोट होने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। यह आग कच्चे तेल को साफ करने वाली दो यूनिटों में फैली, जिससे मौके पर धुएं का काला गुबार छा गया और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
राहत और बचाव कार्य
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब दो दर्जन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। अग्निशमन दल ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शाम तक आग की लपटों पर काबू पाया। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इस घटना की पुष्टि की है और मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड रिफाइनरी
पचपदरा की यह रिफाइनरी देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड रिफाइनरी मानी जा रही है, जिसे लगभग 79,459 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। राज्य सरकार का दावा है कि यह रिफाइनरी आने वाले समय में जामनगर की तर्ज पर एक नया पेट्रोकेमिकल हब बनेगी। इसकी क्षमता साढ़े सात मिलियन मीट्रिक टन क्रूड ऑयल रिफाइन करने की है।
उद्घाटन समारोह फिलहाल टला
इस रिफाइनरी का उद्घाटन आज ही होना था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों के माहौल को चिंता में बदल दिया। केंद्र और राज्य सरकार फिलहाल स्थिति की समीक्षा कर रही है। सुरक्षा ऑडिट और पूरी जांच के बाद ही उद्घाटन की नई तारीख घोषित की जाएगी।


Share