12 मार्च 2026
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में लौह अयस्क (आयरन ओर) का बड़ा भंडार मिलने की खबर सामने आई है। करीब 1081 हेक्टेयर क्षेत्र में लौह अयस्क की मौजूदगी पाई गई है, जिसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जबलपुर जिले के मझोली, सिहोरा और पनागर तहसील के कुछ गांवों में सर्वे के दौरान यह भंडार मिला है। सबसे बड़ा 936 हेक्टेयर का ब्लाक मझौली के दर्शनी में मिला है l इस क्षेत्र में पहले भी आयरन की मौजूदगी के संकेत मिले थे, लेकिन अब विस्तृत जांच में इसका बड़ा क्षेत्र सामने आया है।
जबलपुर और कटनी के वर्तमान खदानें 20 से 35 हेक्टेयर की है l यहां से चीन तक लौह अयस्क भेजा जा चुका हैl अब नए ब्लॉक मिलने के बाद प्रदेश का राजकोष और मजबूत होगा l
बताया जा रहा है कि यह प्रदेश में अब तक का सबसे बड़ा लौह अयस्क क्षेत्र हो सकता है। इससे खनन और उद्योग के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुल सकती हैं और रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस क्षेत्र में पहले सर्वे और सैंपलिंग की प्रक्रिया की गई थी। अब आगे की जांच और खनन से जुड़ी प्रक्रियाओं के लिए जबलपुर कलेक्टर को विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई है।
खनिज अधिकारी जबलपुर ए के राय के अनुसार जिले में चार जगह आयरन और मैंगनीज लेटराइट का ब्लॉक मिला है l जिसका रकबा 1081 हेक्टेयर हैl ब्लॉक क्षेत्र की भूमि का सीमांकन किया जा रहा हैl रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गई हैl
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यहां खनन शुरू होता है तो इससे प्रदेश की औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक विकास में भी मदद मिलेगी l


Leave a Reply