14 जुलाई 2026:
मध्य प्रदेश टीकमगढ़

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले की एक उचित मूल्य की दुकान में वितरित होने वाले राशन के बोरे में जो निकला है, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है। आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन जिले के बुड़ेरा में स्थित राशन दुकान पर कंकाल युक्त राशन मिलने का मामला सामने आया है।नन्ही टेहरी के उचित मूल्य की दुकान पर गरीबों को राशन वितरण के लिए जैसे ही बोरी खोली गई उसमें सिर की हड्डी के साथ ही दो हड्डियां निकली। यह देखकर पहले तो हितग्राही डर गए। फिर उन्होंने ये राशन लेने से मना कर दिया। वहीं, मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग के अधिकारी वितरण केंद्र पहुंचे और बोरे की पड़ताल करने के बाद दुकान पर आए पूरे राशन को सील करा दिया है। इस गंभीर मामले को लेकर तत्काल ही प्रशासन अलर्ट हुआ और खाद्य विभाग की टीम को भेजा गया।

अभी तक सरकारी राशन में घुन लगा गेहूं , सड़ा अनाज मिलने के बाद अब जानवर की हड्डियां मिलने से हड़कंप मच गया।

दरअसल टीकमगढ़ के लक्ष्मणपुर ग्राम की राशन की दुकान बंद होने पर वहां के लोगों को नन्हीं टेकरी की दुकान से राशन लेने को लिंक किया गया था। जब हितग्राही राशन का गेहूं लेने पहुंचे तो बोर में हड्डियां दिखाई दी। बोरी को जब पलटा गया तो हड्डियों के साथ सर और पैर के अवशेष भी दिखाई दिए ग्रामीणों ने हंगामा किया और खाद्य विभाग की टीम ने वितरण को बंद कर दिया।

खाद्य विभाग के खाद्य निरीक्षक सार्थक तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह हड्डियां किसी भेड़ की हड्डियों के समान प्रतीत हो रही हैं। इस गेहूं को वापस करके दूसरा माल भेजा जाएगा।  मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन लिमिटेड से पता लगाया जाएगा कि यह माल कहां से आया हुआ था। प्रशासन ने पूरे स्टॉक को सील कर दिया है और वितरण रुकवा दिया है।

Share