28 जुलाई 2026:
मध्य प्रदेश/ दतिया/
दतिया का विधानसभा उपचुनाव अपने चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में है। सभी प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। प्रचार अभियान जोरों पर है। कांग्रेस और भाजपा दतिया का रण जीतने के लिए पूरा जोर लगा रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया मेगा रोड शो:
चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव दतिया पहुंचे और अपने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में रोड शो किया और जनसभाएं की । इस दौरान पूर्व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा भी उनके साथ ही मौजूद रहे। इस पूरे रोड शो के दौरान पूरा शहर का माहौल चुनावी रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया साथ ही नरोत्तम मिश्रा जिंदाबाद के नारे भी लगाए। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में इस रोड शो को एक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले कुशवाहा समाज की एक बैठक को संबोधित किया। मां पीतांबरा देवी के दर्शन किए और फिर शहर में मेगा रोड शो निकाला।
रात करीब 8 बजे पीतांबरा मंदिर से शुरू हुआ रोड शो टाउन हॉल, किला चौक, ठंडी सड़क सहित विभिन्न मार्गों से गुजरा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के साथ पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी वाहन में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते रहे। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई। समर्थकों का उत्साह, नारों की गूंज से मार्ग चुनावी रंग में दिखा।
कुशवाहा समाज को साधने की कोशिश: और साथ ही कांग्रेस पर साधा निशाना:
मुख्यमंत्री ने ठंडी सड़क पर एक कुशवाहा समाज की बैठक को संबोधित किया।
सम्मेलन में शामिल होकर सीएम ने समाज के लोगों को साधने की कोशिश की। और ऐलान किया कि जल्द ही दतिया को 11.50 हजार करोड़ के बडे कारखाना की सौगात दी जाएगी। अपने संबोधन में सीएम ने विपक्ष पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस 5 पीढ़ियों में केवल एक ही परिवार में सिमट गई। कांग्रेस ने कभी किसी को आगे बढ़ने का मौका नहीं दिया। दतिया में भी कांग्रेस प्रत्याशी की यही हालत है। एक समय था जब कांग्रेस के काल में दतिया में डकैतों का राज चलता था। हमारी सरकार गुंडागर्दी और किसी भी तरह की हिंसा को बढ़ावा नहीं देती बल्कि व्यापार-व्यावसाय के लिए एक भय मुक्त वातावरण बनाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हमेशा सभी वर्गों को सम्मान और समान अवसर देती है उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायक सिंह सैनी बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाहा और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा का उदाहरण देते हुए कहा भाजपा की सोच समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने की रही है।
कुशवाहा समाज को साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया में भाजपा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी हमने रघुवीर सिंह कुशवाहा को दी है। जबकि कांग्रेस ने इस समाज को कभी आगे बढ़ाने को मौका नहीं दिया। उन्होंने कभी पार्षद तक नहीं बनाया। किंतु भाजपा ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को साधते हुए सभी समाज को आगे आने का मौका देती है और इसी के साथ उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन की अपील भी की।
कांग्रेस पर साधा निशाना: मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया में कांग्रेस की जीत के बाद से यहां विकास की रफ्तार हो गई है किंतु अब विकास के पहिए को फिर से तेज करने का समय आ गया है इसलिए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार दतिया सहित पूरे चंबल ग्वालियर इलाके को एक नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम करेगी।
आज शाम चुनाव प्रचार का शोरगुल थम जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई तक प्रत्याशी घर-घर जनसंपर्क कर सकेंगे। मतदान 30 जुलाई को है। ऐसे में चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है।


Leave a Reply