Share

25 मई 2026

नई दिल्ली:

राजनीति में अक्सर पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर हमलावर रहते हैं, लेकिन कभी-कभी कुछ ऐसे बयान सामने आते हैं जो चर्चा का बड़ा विषय बन जाते हैं। इस बार कांग्रेस के दिग्गज नेता और सांसद शशि थरूर का एक बयान सुर्खियों में है। उन्होंने मालदीव के साथ भारत के रिश्तों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की जमकर तारीफ की है। थरूर के इस बयान को कई लोग विदेश नीति की अप्रत्यक्ष सराहना के तौर पर देख रहे हैं। उन्होंने अमेरिका के फ्लेचर स्कूल में एक कार्यक्रम के दौरान मालदीव का पूरा किस्सा सुनाया और बताया कि मुश्किल हालात में मदद करके कैसे देशों के बीच भरोसा मजबूत होता है।

मुइज्जू ने भारत के खिलाफ चलाया था अभियान
शशि थरूर ने उस दौर को याद किया जब नवंबर 2023 में मोहम्मद मुइज्जू मालदीव के राष्ट्रपति बने थे। मुइज्जू ने अपने चुनाव के दौरान भारत के खिलाफ इंडिया आउट अभियान चलाया था। थरूर ने बताया कि इसी दौरान मालदीव की राजधानी माले में पानी साफ करने वाला मुख्य डिसैलिनेशन प्लांट खराब हो गया, जिससे वहां पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया था।

मुश्किल वक्त में भारत ने की बिना शर्त मदद
शशि थरूर ने आगे कहा कि ऐसे संकट के समय मालदीव में भारत के खिलाफ माहौल होने के बावजूद, भारत सरकार ने बिना किसी शर्त के तुरंत उनकी मदद की। भारत ने बिना देर किए लाखों लीटर पीने का पानी मालदीव भेजा और बदले में कुछ भी नहीं मांगा। थरूर के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय संबंधों में भरोसा बनाने का यही सबसे सही तरीका होता है।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना बयान
उनके इस बयान का वीडियो उनके ऑफिस की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। इस बयान की इंटरनेट पर खूब चर्चा हो रही है, क्योंकि इसे भारत की पड़ोसी देशों के साथ अपनाई गई मजबूत नीति के एक बेहतरीन उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है।


Share