24 जुलाई 2026 :
मध्य प्रदेश/भोपाल/
तरु रोपण महायज्ञ महोत्सव के अवसर पर कल गुरुवार 24 जुलाई को अखिल विश्व गायत्री परिवार ने सीहोर रोड स्थित सामला माता पहाड़ी को कुछ घंटों में ही हरियाली से आच्छादित कर दिया। इस आयोजन को ‘तरु रोपण महायज्ञ महोत्सव’ का नाम दिया गया। इस मौके पर शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि व देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या और संस्था के सैकड़ों लोगों ने गुरुवार की सुबह सामला माता पहाड़ी पर 1111 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित चेतना और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। खास बात यह है कि रोपे गए अधिकांश पौधे 8 से 12 फीट की उंचाई के थे। बड़े पौधे इस उद्देश्य से लगाए गए कि यह इसी बारिश के सीजन में जल्द पल्लवित हो सकेंगे। पौधे मंत्रोच्चार के बीच लगाए जा रहे थे। आयोजन को तरु रोपण महायज्ञ नाम दिया गया था।
हरिद्वार से आए डॉ. चिन्मय पंड्या समेत सैकड़ों लोगों ने किया पौधरोपण:
देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने गायत्री परिवार के साथ सामला माता पहाड़ी पर 1111 पौधों का रोपण किया। अभियान में आर.पी. हजारी, महेश विजयवर्गीय, मनोहर दांगी, प्रेमलाल कुशवाहा, यशपाल कुशवाहा सहित सेमरा दांगी, नयापारा क्षेत्र के वरिष्ठ परिजन और गायत्री परिवार के कार्यकर्ता शामिल हुए। अधिकांश पौधे नीम, बरगद, पीपल, जामुन और अमरूद के हैं। बाद में डॉ. पंड्या ने गायत्री शक्तिपीठ में पूजन किया और सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर (स्वशासी) महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं भारतीय ज्ञान परंपरा विषय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।


Leave a Reply